प्रगति के साथ प्रकृति का भी संतुलन बनाए रखना जरूरी: जस्टिस प्रीतमपाल

जागरण संवाददाता चरखी दादरी राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण की निगरानी समिति के चेयरमैन जस्टि

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 08:39 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 08:39 AM (IST)
प्रगति के साथ प्रकृति का भी संतुलन बनाए रखना जरूरी: जस्टिस प्रीतमपाल
प्रगति के साथ प्रकृति का भी संतुलन बनाए रखना जरूरी: जस्टिस प्रीतमपाल

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण की निगरानी समिति के चेयरमैन जस्टिस प्रीतमपाल सिंह ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ औद्योगिकी विकास होना चाहिए। प्रगति के साथ प्राकृतिक तत्वों का संग भी जरूरी है। यह बात उन्होंने शनिवार को गांव असावरी और दादरी लोक निर्माण विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मनुष्य को इस धरती पर रहने के लिए हवा, पानी, पेड़, पौधे इत्यादि की आवश्यकता है। हमारा पर्यावरण दूषित हो जाएगा तो पृथ्वी पर आदमी का रहना मुश्किल है। कोविड महामारी के दौरान हमें यही सीख मिली कि बीमारी से लड़ने के लिए आदमी की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होनी चाहिए और उसे प्राण वायु भरपूर मात्रा में मिलनी चाहिए। इसी मकसद से उन्होंने जिले में क्रशर जोन का निरीक्षण भी किया है। उन्होंने कहा कि सभी उद्यमियों को पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर दादरी के एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन क्रशर जोन में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नगराधीश अमित मान, एनजीटी के तकनीकी विशेषज्ञ डा. बाबूराम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी अभियंता आरके भोंसले ने भी पौधे लगाए। इस अवसर पर खनन अधिकारी निरंजन लाल, अजित सिंह, सुदीप भी मौजूद रहे। जिला स्तरीय वन महोत्सव गांव घसौला में आज

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : गांव घसौला के स्टेडियम परिसर में 25 जुलाई को 72वां जिला स्तरीय वन महोत्सव मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में दादरी के उपायुक्त अमरजीत सिंह मान मुख्य अतिथि होंगे। जिला उप वन संरक्षक बीएस खोखा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हर साल की तरह इस बार भी हरियाणा सरकार 25 जुलाई को पूरे प्रदेश में वन महोत्सव मना रही है। रविवार को सुबह 9.30 बजे गांव घसौला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह को मुख्यमंत्री मनोहर लाल 11 बजे चंडीगढ़ से वीडियो काफ्रेंस के जरिए संबोधित करेंगे। उपायुक्त अमरजीत सिंह मान घसौला स्टेडियम में पौधारोपण कर इस समारोह का शुभारंभ करेंगे। वन विभाग की ओर से चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी किया जाएगा। उप वन संरक्षक ने बताया कि वर्ष 1951 में भारत के तत्कालीन कृषि मंत्री केएम मुंशी ने वनों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय वन महोत्सव की शुरुआत की थी। तब से हर साल देश में वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पौधारोपण के साथ गांव सारंगपुर के स्कूल में मनाया वन महोत्सव

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : वन महोत्सव के तहत गांव सारंगपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इको क्लब में शामिल विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों ने पौधे लगाए। वर्तमान में हुई बारिश के दौरान विद्यालय में वर्षा का जल एकत्रित किया गया था। पौधे लगाकर उन्हें पानी दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य धनपत राय ने कहा कि विद्यालय में हमेशा पौधारोपण होता रहा है। विशेषकर वर्षा ऋतु में यह कार्य जरूर किया जाता है। शनिवार को जामुन, अमरूद, नीम व पापड़ी सहित कई छायादार व फलदार पौधे लगाए गए हैं। विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों ने जो पौधे लगाए हैं उनकी देखरेख व सुरक्षा का संकल्प भी लिया है। प्राचार्य ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के लिए हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए।

chat bot
आपका साथी