एतिहासिक श्यामसर सरोवर के किनारों से गंदगी हटाने का काम शुरू, हटाए जाएंगे सभी अवैध कब्जे

उपायुक्त राजेश जोगपाल द्वारा निर्देश देने के बाद दादरी के हीर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 08:38 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 08:38 PM (IST)
एतिहासिक श्यामसर सरोवर के किनारों से गंदगी हटाने का काम शुरू, हटाए जाएंगे सभी अवैध कब्जे
एतिहासिक श्यामसर सरोवर के किनारों से गंदगी हटाने का काम शुरू, हटाए जाएंगे सभी अवैध कब्जे

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : उपायुक्त राजेश जोगपाल द्वारा निर्देश देने के बाद दादरी के हीरा चौक के समीप स्थित एतिहासिक श्यामसर सरोवर के किनारों पर पड़ी गंदगी को नगर परिषद ने साफ करवाना शुरू कर दिया है। नगर परिषद के सफाई कर्मियों द्वारा सरोवर के किनारों पर पड़ी पॉलीथिन व अन्य गंदगी को ट्रैक्टरों में भरकर डंपिग प्वाइंट में डाला जा रहा है। इसके अलावा सरोवर में पड़े मंदिर के मलबे को भी जेसीबी की सहायता से हटाया जा रहा है।

गौरतलब है कि गत रविवार की शाम को उपायुक्त राजेश जोगपाल एतिहासिक श्यामसर सरोवर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान सरोवर के किनारों पर काफी मात्रा में गंदगी फैली हुई थी। जिसके कारण वहां का वातावरण काफी दुर्गंधमय बना हुआ था। जिस पर उपायुक्त ने वहां मौजूद नगर परिषद अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से सरोवर के किनारों पर सफाई करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा वहीं पर स्थित एक मंदिर के मलबे को भी सरोवर से निकालने के निर्देश दिए थे। उपायुक्त राजेश जोगपाल के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा यहां पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जल्द शुरू होगा जीर्णोद्धार का कार्य

गौरतलब है कि 18 सितंबर 2016 को दादरी को जिला बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐतिहासिक श्यामसर सरोवर के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की थी। जिसके बाद नगर परिषद द्वारा श्यामसर सरोवर का जीर्णोद्धार कर इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा चुकी है। इसके लिए कई चरणों में टेंडर लगाए जाएंगे। शुरूआती चरण में श्यामसर सरोवर के जीर्णोद्धार के लिए 6 करोड़ 58 लाख रुपये के एस्टीमेट को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही सरोवर के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो सकेगा। अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश : चेयरमैन

दादरी नगर परिषद के चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि उपायुक्त राजेश जोगपाल के निर्देशानुसार उन्होंने नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों को सरोवर के आसपास नगर परिषद की जमीन पर बने अवैध कब्जों को जल्द हटाने के निर्देश दे दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को कब्जा कार्रवाई करने के बाद रिपोर्ट देने के लिए भी कहा गया है। उल्लेखनीय है कि गत रविवार को उपायुक्त राजेश जोगपाल ने निरीक्षण के दौरान सरोवर के आसपास नगर परिषद की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी दिए गए थे।

chat bot
आपका साथी