पार्षदों ने उठाई गोवंश को पकड़ने की मांग, लिखा पत्र

कस्बा बवानीखेड़ा में सैकड़ों की संख्या में विचर रहे बेसहारा गोव

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 09:15 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 09:15 PM (IST)
पार्षदों ने उठाई गोवंश को पकड़ने की मांग, लिखा पत्र
पार्षदों ने उठाई गोवंश को पकड़ने की मांग, लिखा पत्र

संवाद सहयोगी बवानीखेड़ा : कस्बा बवानीखेड़ा में सैकड़ों की संख्या में विचर रहे बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं पार्षदों ने मांग उठाई है। वहीं बेसहारा गोवंश मुंहखोर की बीमारी की चपेट में भी आने लगा है। इससे कई गायों की हालत दयनीय हो चुकी है। गो सेवक अपने स्तर पर ही इन गायों का उपचार करने में जुटे हुए हैं।

बता दें कि कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र में इन दिनों सैकड़ों की संख्या में बेसहारा गोवंश सड़कों पर डेरा डाले हुए हैं। इतना ही नहीं यह खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कस्बे के मुख्य बाजार की सड़कों पर भी जगह-जगह दर्जनों की संख्या में झुंड बनाए बेसहारा गोवंश खड़े हैं। जो आम लोगों के खतरा बने हुए है। दुकानदारों को भी इनसे नुकसान हो रहा है।

कस्बे के गोसेवक हेमंत, मुकेश, गौरव, हरिकेश, ओमप्रकाश आदि ने बताया कि इन दिनों बेसहारा गोवंश मुंहखोर की चपेट में आ रहा है। उन्होंने बताया कि कई गायों की तो इस बीमारी की चपेट में आने से हालत खराब हो चुकी है। मुंह में छाल्ले पड़ चुके हैं, इसके कारण वह चारा नहीं खा पा रही। साथ-साथ पैरों पर भी जख्म पड़ गए हैं। इससे उन्हें चलने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी की चपेट में आने वाली करीब 100 गायों का अब तक उपचार किया है। वे अपने स्तर पर ही चंदा एकत्रित कर ऐसी गायों को दवा व मरहम पट्टी लगाने का कार्य कर रहे हैं। रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में मुंहखोर की बीमारी की चपेट में आने की सूचना मिल रही है।

जन सहयोग मंच के सचिव मनीष शंकर ने बताया कि बेसहारा गोवंश को सुरक्षित जगह पर छोड़ने के लिए कई बार नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है। लेकिन अभी तक इस बारे में कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। कुछ समय पूर्व उनको भी एक सांड ने टक्कर मारी। इसके चलते उन्होंने कई दिनों तक बिस्तर पर समय बिताना पड़ा। उन्होंने बताया कि बाजार में जगह-जगह बेसहारा गोवंश दर्जनों की संख्या में झुंड बनाए खड़े रहते हैं। रात के वक्त तो और अधिक हादसा होने का भय बना रहता है। वहीं पार्षद पंकज महता, अजय कौशिक, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन कपूर वाल्मीकि, नरेन्द्र आदि ने भी नपा प्रशासन से बेसहारा गोवंश को सुरक्षित जगह पर छुड़वाने की मांग की। चलाया जाएगा अभियान : नपा चेयरपर्सन

नपा चेयरपर्सन कांता किरण ओड ने बताया कि बेसहारा गोवंश को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बारे में उपायुक्त से अनुमति ली जाएगी। अगर उपायुक्त अनुमति प्रदान करते हैं तो जल्द ही गोवंश को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। हालांकि उन्होंने साथ-साथ ये भी माना की कस्बे में इन दिनों काफी संख्या में बेसहारा गोवंश विचर रहा है। इससे कोई न कोई हादसा होने का भय बना रहता है।

chat bot
आपका साथी