बूंदाबांदी से तापमान गिरा

शुक्रवार को दादरी जिले में मौसम ने एक बार पुन करवट ली। द

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 08:37 AM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 08:37 AM (IST)
बूंदाबांदी से तापमान गिरा
बूंदाबांदी से तापमान गिरा

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : शुक्रवार को दादरी जिले में मौसम ने एक बार पुन: करवट ली। दोपहर बाद धूल भरी आंधियां चलने व शाम तक बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आने के चलते पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं बूंदाबांदी होने से दादरी की नई अनाजमंडी में खुले में पड़े हजारों क्विटल गेहूं व सरसों की फसलों को लेकर किसानों, आढ़तियों की चिताएं बढ़ी रही।

बदले मौसम के चलते शुक्रवार दोपहर बाद दादरी नगर के बाजारों में कारोबार, व्यापार पूरी तरह ठप रहा। शुक्रवार को दोपहर दो बजे बाद अचानक धूल भरी तेज आंधियां चलने का सिलसिला शुरू हो गया था। इसके करीब आधा घंटा बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी होने का दौर शाम सात बजे तक जारी रहा। हालांकि अधिक वर्षा न होने के कारण कहीं भी जलभराव के हालात नहीं बने लेकिन सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दोपहर दो बजे के बाद बूंदाबांदी होने के चलते तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई तथा वह 28 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही शाम तक बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं चलती रही। किसानों, आढ़तियों की बढ़ी चिताएं

उल्लेखनीय है कि इन दिनों दादरी की नई अनाजमंडी में रबी की फसलों विशेषकर सरसों व गेहूं की खरीद का कार्य जोरों पर चल रहा है। फसलों की इतनी अधिक आवक हो रही है कि उनका उठान व लादान अभी तक नहीं हो पाया है। नई अनाजमंडी में हजारों क्विटल गेहूं व सरसों की फसल खुले में दुकानों के सामने सड़कों के साथ, कवर्ड शेड के आसपास जमा है। शुक्रवार को शाम तक हुई बूंदाबांदी के कारण फसलों के भीगने से होने वाले नुकसान को लेकर किसानों व आढ़तियों की चिताएं बढ़ी रही। हालांकि कुछ आढ़तियों ने तिरपाल इत्यादि से फसलों की ढेरियों को ढकने का प्रयास किया लेकिन फसलों की भारी आवक के चलते सभी इंतजाम काफी नाकाफी दिखाई दे रहे है। आढ़तियों का कहना है कि यदि थोड़ी अधिक वर्षा हो जाती है तो भारी नुकसान हो सकता है। बाजारों में कारोबार रहा ठप

शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद आंधियां चलने व उसके बाद बूंदाबांदी होने के कारण शाम तक दादरी नगर के अधिकतर बाजारों में कामधंधे, कारोबार, व्यापार पूरी तरह ठप रहा। हालांकि बाजारों में दुकानें खुली रही। लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते कहीं खरीदार दिखाई नहीं दिए। अगले एक सप्ताह तक वर्षा के आसार

मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले एक सप्ताह के दौरान दादरी जिले के कई भागों में हल्की व मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इसी तरह इस दौरान तापमान में भी पिछले दो सप्ताह की अपेक्षा गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पुन: तापमान बढ़ना शुरू हो सकता है। वर्षा की संभावनाओं को लेकर दादरी जिले में उन किसानों की चिताएं बढ़ी हुई है जिनके खेतों में अभी अगेती गेहूं की फसलों की कटाई का कार्य चल रहा है।

chat bot
आपका साथी