मौसम : वर्षा से गर्मी, उमस से मिली राहत, शहर में जलभराव से बनी परेशानी

शनिवार रात व रविवार सुबह दादरी जिले में तेज हवाओं के साथ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 08:44 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 08:44 PM (IST)
मौसम : वर्षा से गर्मी, उमस से मिली राहत, शहर में जलभराव से बनी परेशानी
मौसम : वर्षा से गर्मी, उमस से मिली राहत, शहर में जलभराव से बनी परेशानी

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : शनिवार रात व रविवार सुबह दादरी जिले में तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा से पिछले दो सप्ताहों से पड़ रही गर्मी व बने हुए भारी उमस के माहौल से लोगों को काफी राहत मिली। जिले में अलग-अलग स्थानों पर कहीं तेज तो कहीं मध्यम स्तर की वर्षा होने की जानकारियां मिली हैं। वर्षा के चलते कई स्थानों पर पेड़ों के टूटने, बिजली पोल गिरने, वायर टूटने इत्यादि की खबरें मिली हैं। इसके चलते जिले के कई गांवों में बीती रात व रविवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ा। कम वर्षा के बावजूद दादरी नगर के विभिन्न भागों में जलभराव के चलते दिक्कतें बनी रही। विशेषकर वे स्थान जहां पहले से ही सीवरेज सिस्टम ठप रहने से दूषित पानी की निकासी की व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है वहां हालत और भी अधिक गंभीर बने दिखाई दिए।

शनिवार रात व सुबह की वर्षा के चलते दादरी नगर के बस स्टैंड के पीछे की कालोनियों, वार्ड 17 की गलियों, लाला लाजपतराय चौक के समीप बाजारों, लोहारू रोड पर एलआइसी दफ्तर के सामने, भगवान परशुराम चौक, तिकोना पार्क क्षेत्र, मथुरी घाटी, कालेज रोड इत्यादि पर जलभराव के चलते दिनभर खासी परेशानियां बनी रही। इसके चलते लोगों को आवागमन करने, छोटे, बड़े वाहन चालकों को आने जाने में परेशानियां उठानी पड़ी। 15 एमएम वर्षा किया गया रिकार्ड

पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पांच रोज पहले तक जिले में अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बीती रात व रविवार सुबह की वर्षा के चलते तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट आने से गर्मी, उमस से काफी राहत मिली है। जिले में बीती रात 10 एमएम व रविवार सुबह 5 एमएम औसत वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों के दौरान दादरी जिले में प्री मानसून वर्षा शुरू हो सकती है। इसके बाद तापमान में और भी गिरावट आ सकती है। किसानों के चेहरे खिले

बीती रात व रविवार सुबह की वर्षा खरीफ की फसलों के लिए काफी बेहतर माना जा रहा है। विशेषकर जिले में कपास के लिए तथा बाजरा की बीजाई के लिए इस वर्षा को काफी फायदेमंद बताया जा रहा है। किसानों का कहना है कि थोड़ी वर्षा के बावजूद कम पानी की फसलों को काफी लाभ होगा। इसके अलावा पशुचारे की समस्या का भी एक हद तक समाधान हो सकेगा।

chat bot
आपका साथी