महिला थाना परिसर में मनाया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया

जागरण संवाददाता चरखी दादरी दादरी के महिला थाना परिसर में वीरवार को पुलिस स्मृति दिवस क

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:33 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:33 AM (IST)
महिला थाना परिसर में मनाया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया
महिला थाना परिसर में मनाया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी के महिला थाना परिसर में वीरवार को पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में शहीद पुलिसकर्मियों की याद में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने की। जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शहीदों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने हुए उन्हें याद किया। वहां मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत पुलिस कर्मचारियों ने भी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान बताया गया कि 21 अक्टूबर 1959 को करम सिंह के नेतृत्व में भारतीय पुलिसकर्मियों का एक समूह उत्तर-पूर्वी लद्दाख में हाट स्प्रिंग, तेल में गश्त कर रहा था। तभी चीनी सेना ने अचानक भारतीय जवानों पर धावा बोल दिया था। जवानों ने बहादुरी के साथ चीनी सेना का सामना किया। अपनी पुलिस पोस्ट की सुरक्षा करते हुए वीर पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर शौर्य की परंपरा व गाथा को कायम रखा। उन शहीदों की स्मृति में और सभी पुलिस बलों के शहीदों के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में बताया गया कि गत वर्ष देशभर में कुल 377 जांबाज पुलिस जवानों ने देश, प्रदेश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस में तैनात सभी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत पुलिस कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों की बदौलत आंतरिक सुरक्षा : उपायुक्त

जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने कहा कि 21 अक्टूबर को पूरे देश में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वे जिला प्रशासन दादरी की तरफ से उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उपायुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों की बदौलत ही आंतरिक सुरक्षा बनी हुई है। सभी को लेनी चाहिए प्रेरणा : एसपी

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जिन पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी, उनको श्रद्धांजलि व सम्मान देने के लिए पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रेरणा लेकर उन्हीं की तरह सेवा करनी चाहिए। साथ ही उन पुलिस जवानों की शहादत को हमेशा याद रखना चाहिए तथा अपने फर्ज व कानून की जिम्मेदारी को सर्वोपरि मानकर इस बात के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए कि जब भी एक पुलिसकर्मी के जीवन में ऐसा अवसर आए तो वह कुर्बानी देने से पीछे न हटें।

chat bot
आपका साथी