राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत को एक वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने में सहायक होगी : दलाल

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में एनएसएस के स्थापना दिवस पर आजादी के अमृ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 08:49 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 08:49 PM (IST)
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत को एक वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने में सहायक होगी : दलाल
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत को एक वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने में सहायक होगी : दलाल

जागरण संवाददाता, भिवानी : चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में एनएसएस के स्थापना दिवस पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि प्रदेश के कृषि कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने की। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रांत प्रमुख प्रो. मदन लाल गोयल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़ रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के एनएसएस को-आर्डिनेटर डा. सुरेश मलिक ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कोविड-19 महामारी के दौरान बेहतर सेवा कार्य करने वाले वालंटियर्स एवं कार्यक्रम अधिकारी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भाजपा प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ प्रमुख प्रो.मदन लाल गोयल ने विश्वविद्यालय के कुलपति की अगुवाई में संचालित कार्यक्रमों एवं अभियानों की सराहना की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुआई एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में किये गए अभूतपूर्व विकास कार्यों पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किये। उन्होंने कहा कि 2025 तक नई शिक्षा नीति लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। केजी से पीजी तक की पढ़ाई एक ही छत के नीचे होगी। उन्होंने कृषि कल्याण मंत्री द्वारा विश्वविद्यालय को हर संभव मदद की घोषणा की सराहना की।

प्रदेश कृषि कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों ने अपनी सुविधानुसार लंबा शासन करने के उद्देश्य से शिक्षा नीति बनाई थी। अब सरकार ने हमारी संस्कृति के अनुरूप भारतीय मूल्यों पर आधारित नई शिक्षा नीति 2020 आई है जो हमारे आत्मनिर्भरता के स्वप्न को साकार करेगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कृषि कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल एवं सभी अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कृषि कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल द्वारा विश्वविद्यालय के लिए पांच लाख की घोषणा पर उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

कुलसचिव डा. जितेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि इस नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में शिक्षकों भी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इस अवसर पर प्रो. जयबीर सिंह द्वारा अमृत महोत्सव पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मंच का संचालन डा. स्नेहलता ने किया।

इस अवसर जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, सुरेन्द्र आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, महामंत्री हर्षवर्धन मान, डा. मनमोहन सिंह सहित अनेक कर्मचारी एवं भाजपा जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी