सभी गांव के जारी होंगे नक्शे

राजेश कादियान बवानीखेड़ा खंड के तहत आने वाली 33 ग्राम पंचायत में से 27 ग्राम पंचायत लाल ड

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 04:43 AM (IST) Updated:Fri, 30 Oct 2020 04:43 AM (IST)
सभी गांव के जारी होंगे नक्शे
सभी गांव के जारी होंगे नक्शे

राजेश कादियान, बवानीखेड़ा:

खंड के तहत आने वाली 33 ग्राम पंचायत में से 27 ग्राम पंचायत लाल डोरे के दायरे में हैं। इसमें सबसे खास बात यह है कि खंड में केवल गांव सुखपुरा ही एक ऐसा गांव हैं जोकि लाल डोरे के दायरे में नहीं आता है। इसका कारण माना जा रहा है कि सुखपुरा गांव का निकास धनाना से हुआ है और यह प्राचीन गांव में नहीं है। इसी के चलते इस गांव को लाल डोर के दायरे में अभी तक शामिल नहीं किया गया है। खंड की जो ग्राम पंचायतें लाल डोरे के दायरे में आती हैं, उनमें से अधिकतर गांव का ग्रामीणों को मलकियत देने के लिए ड्रोन से सर्वे किया जा चुका है। संभावना जताई जा रही है कि 30 अक्टूबर को सभी ग्राम पंचायतों का ड्रोन सर्वे पूरा हो जाएगा। इसके बाद सर्वे आफ इंडिया द्वारा सभी गांव को नक्शे जारी किए जाएंगे। पंचायत विभाग इन नक्शों के जरिए ग्रामीणों के घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से सर्वे करेगा ताकि पंचायत विभाग को ग्रामीणों की प्रोपर्टी के बारे में सही जानकारी हासिल हो सके। सर्वे के बाद पंचायत विभाग अन्तिम नक्शे को सार्वजनिक रूप से गांव के सार्वजनिक स्थलों पर चस्पां करेगा। इस नक्शे के जरिए ग्रामीण अपनी प्रॉपर्टी के बारे में सही जानकारी हासिल कर सकेंगे। अगर किसी ग्रामीण को इस बारे में आपत्ति होगी तो पंचायत विभाग उसे आपत्ति दर्ज कराने के लिए एक माह का समय भी देगा। ताकि हर ग्रामीण को उसका असली हक मिल सके। खंड के कुछ गांव में दो-दो ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन ये गांव एक लाल डोरे के दायरे में आती हैं। इसलिए यहां पर 27 ग्राम पंचायतों का ही सर्वे किया जा रहा है। 30 अक्टूबर तक सभी ग्राम पंचायतों का सर्वे का काम पूरा होने की उम्मीद है।

बीडीपीओ रविद्र दलाल ने बताया कि खंड के तहत जो भी ग्राम पंचायतें लाल डोरे के दायरे में आती हैं, उनका 30 अक्टूबर तक ड्रोन द्वारा सर्वे का कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के पूर्ण होने के बाद सर्वे आफ इंडिया के तहत नक्शे जारी किए जाएंगे। इन नक्शों के आधार पर सर्वे किया जाएगा। उसके बाद ग्रामीणों को मलकियत दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य को पूर्ण करने में काफी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी