महिला सशक्तिकरण, जागरूकता को लेकर दादरी पहुंची हरियाणा पुलिस की साइकिल यात्रा

हरियाणा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू की गई जागृति साइकिल यात्रा वीरवार को दादरी जिले में पहुंची।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 06:09 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 06:09 PM (IST)
महिला सशक्तिकरण, जागरूकता को लेकर दादरी पहुंची हरियाणा पुलिस की साइकिल यात्रा
महिला सशक्तिकरण, जागरूकता को लेकर दादरी पहुंची हरियाणा पुलिस की साइकिल यात्रा

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : हरियाणा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू की गई जागृति साइकिल यात्रा वीरवार को दादरी जिले में पहुंची। दादरी-महेंद्रगढ़ बार्डर पर गांव पालड़ी के समीप पुलिस उप अधीक्षक राम सिंह के नेतृत्व में दादरी जिला पुलिस द्वारा साइकिल यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान जागरूकता यात्रा में शामिल महिला पुलिसकर्मियों का तिलक लगाकर व फूल माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। डीएसपी राम सिंह ने बताया कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल द्वारा 15 नवंबर को जागृति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। एसीपी पंचकूला ममता सौदा के नेतृत्व में इस साइकिल यात्रा में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक की 16 महिला पुलिस साइकिलिस्ट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह टीम 25 दिनों में विभिन्न जिलों, शहरों व गांवों से होते हुए 1194 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। इस जागृति यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व लड़कियों को उनके अधिकारियों के बारे में जागरूक करना, महिलाओं की सुरक्षा में पुलिस सहित विभिन्न एजेंसियों की भूमिका के बारे में शिक्षित कर महिला सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

मानसिकता बदलने से देश करेगा तरक्की

महिला साइकिलिस्ट टीम का नेतृत्व कर रही निरीक्षक माया ने कहा कि समाज को महिलाओं के प्रति मानसिकता बदलने की जरूरत है। मानसिकता बदलने से ही देश तरक्की करेगा। महिलाएं छोटी-छोटी बातों पर फैसला लेना सीखें। उन्होंने कहा कि जब तक महिला मन और शरीर से मजबूत नहीं होगी तब तक सशक्त होना संभव नहीं है। महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना बहुत जरूरी है। यदि महिलाएं जागरूक होंगी और किसी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देंगी तो महिला विरूद्ध अपराधों में कमी आएगी और अपराधियों को सजा भी दिलवाई जा सकेगी। हरियाणा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 व डायल 112 की सुविधा पहले से ही मुहैया करवाई हुई है। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बृजबाला, कल्याण निरीक्षक रमेश, झोझू कलां थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर राजबीर, प्रवीण कुमार इत्यादि उपस्थित रहे।सचिन गुप्ता।

chat bot
आपका साथी