सुबह की वर्षा से चार डिग्री गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत

रविवार को मौसम ने एक बार पुन करवट ली। सुबह-सुबह दो बार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 06:44 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 06:44 PM (IST)
सुबह की वर्षा से चार डिग्री गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत
सुबह की वर्षा से चार डिग्री गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : रविवार को मौसम ने एक बार पुन: करवट ली। सुबह-सुबह दो बार हल्की वर्षा होने से पिछले सप्ताहभर से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली वहीं तापमान में गिरावट आने से मौसम में बदलाव नजर आया। रविवार तड़के तीन बजे के बाद दादरी जिले में बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगी थी। सुबह 5 बजे व उसके बाद 6 बजे के बाद दो बार हल्की वर्षा भी हुई। 8 बजे के बाद मौसम खुल गया तथा धूप निकल आई थी लेकिन सायं तक हवाओं में नमी की मात्रा बढ़ी रही। दादरी जिले के तापमान में भी सुबह की वर्षा से 4 डिग्री तक की गिरावट आई। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरित शनिवार को अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम 29 डिग्री रिकार्ड किया गया था।

बदले मौसम का असर जिले में सामान्य जन जीवन पर पड़ा है। हालांकि रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण नगर के अधिकतर बाजारों, मंडियां, व्यवसायिक स्थल बंद थे लेकिन शहर की अंदरुनी कालोनियों की छोटी छोटी दुकानों, जरूरी सामान जैसे दूध डेयरियों की दुकानों, सब्जियों, दवाओं, खाने पीने के दूसरे सामान की दुकानों पर खासी भीड़ देखी गई। तापमान गिरने, सुबह की वर्षा से दिनभर मौसम खुशगवार बना रहा। जलभराव से बढ़ी परेशानियां

हालांकि रविवार सुबह दो बार हुई वर्षा काफी कम थी लेकिन दादरी नगर के कुछ ऐसे भाग जहां सीवरेज सिस्टम ठप होने से सामान्य दिनों में ही हालात गंभीर बने रहते हैं वहां जलभराव से काफी परेशानियां बनी रही। विशेषकर रोहतक रोड, भगवान परशुराम चौक, चरखी गेट, तिकोना पार्क, कालेज रोड, फोरलेन के आसपास, कृषि विभाग के दफ्तर, बैंकों के सामने इत्यादि स्थानों पर वर्षा के पानी के भरने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी। यहां जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। बिजली आपूर्ति रही प्रभावित

रविवार को सुबह हुई वर्षा के बाद दादरी नगर के कई भागों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कई कालोनियां में कई-कई घंटे लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों को लेकर परेशानियों से जूझना पड़ा। दादरी नगर में गीता भवन के पीछे, आश्रम रोड, दिल्ली रोड़, पुराना झज्जर रोड इत्यादि पर तो दोपहर बाद भी बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई थी। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने की खबरें मिली हैं। बदलते मौसम में सजगता बरतनी जरूरी : डा. लाकड़ा

दादरी नगर के बाल रोग विशेषज्ञ डा. महावीर लाकड़ा ने कहा कि मौसम में आ रहे बदलाव, तापमान में उतार चढ़ाव के चलते स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानियां रखना जरूरी है। विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सजगता बरतनी चाहिए। इन दिनों बच्चे, बुजुर्ग जल्द ही संक्रामक व वायरस से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। उनमें किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर शीघ्र ही समीप के चिकित्सक से जांच करवानी चाहिए।

chat bot
आपका साथी