फसल खरीद में अनियमितताओं को लेकर भड़के किसान, आढ़ती, नई अनाजमंडी के मुख्य गेट पर जड़ा ताला

फसल खरीद के दौरान बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर भाकियू व आढ़तियों ने सोमवार को अनाज मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। रोष जता रहे किसान संगठन पदाधिकारियों व आढ़तियों ने मार्केट कमेटी व भारतीय कपास निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 06:10 AM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 06:10 AM (IST)
फसल खरीद में अनियमितताओं को लेकर भड़के किसान, आढ़ती, नई अनाजमंडी के मुख्य गेट पर जड़ा ताला
फसल खरीद में अनियमितताओं को लेकर भड़के किसान, आढ़ती, नई अनाजमंडी के मुख्य गेट पर जड़ा ताला

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : फसल खरीद के दौरान बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर भाकियू व आढ़तियों ने सोमवार को अनाज मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। रोष जता रहे किसान संगठन पदाधिकारियों व आढ़तियों ने मार्केट कमेटी व भारतीय कपास निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए। मंडी गेट पर ताला जड़ने की सूचना के बाद एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही किसानों की बीडिग करने तथा कपास बेचने आए सभी किसानों की सुचारू रूप से खरीद करने के आदेश जारी किए। इसके बाद ही मंडी के गेट का ताला खोला गया।

सोमवार को भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों व आढ़तियों ने सामूहिक रूप से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही फसल खरीद की त्रुटियों को दूर करवाने के लिए एकजुट हुए। जहां उन्होंने फसल खरीद व टोकन वितरण में मार्केट कमेटी कर्मचारियों व खरीद एजेंसी सीसीआई पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया।

इन सभी समस्याओं का समाधान करवाने के आढ़तियों, भाकियू पदाधिकारियों ने अनाज मंडी के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद रोष जता रहे किसानों व आढ़तियों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाकियू प्रदेश अध्यक्ष जगबीर घसौला ने कहा कि जिन तीन मिलों में कपास की खरीद बंद की गई है, उनमें शीघ्र खरीद शुरू करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल खरीदने की बजाय व्यापारियों की फसल ज्यादा खरीद की जा रही हैं, मिलों में होने वाली खरीद में अनाप-शनाप कटौती की जा रही है। उसे बंद करवाया जाए और मनमर्जी से बार-बार कपास की खरीद को बंद नहीं होने दिया जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करीब 1200 किसानों का बाजरा नियमित रूप से खरीदा गया। लेकिन खरीदे गए बाजरा खरीद एजेंसी के कर्मचारी द्वारा बीडिग नहीं होने से सभी किसान अपनी बेची गई फसल के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की तरफ से एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और सारी प्रक्रिया में पारदर्शिता करवाने का आश्वासन दिया। किसानों का किया जा रहा उत्पीड़न : जगबीर

भाकियू प्रदेश अध्यक्ष जगबीर घसौला ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं पर ध्यान न देकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। बीते दिनों गांव राम नगर के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या को प्रशासन के सामने रखने पर जिस प्रकार से उन पर मुकदमा दर्ज किया गया है यह मुकदमें प्रशासन शीघ्र खारिज करें। ग्रामीणों को रोड पर आने के लिए मजबूर करने वाले कर्मचारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए अन्यथा भाकियू क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों एवं खाप पंचायत के पदाधिकारियों को बुलाकर एक आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। नहीं हो रहा समस्याओं का समाधान: रिटोलिया

दादरी नई अनाज मंडी व्यापार मंडल के प्रधान रामकुमार रिटोलिया ने कहा कि प्रशासन के बार-बार चक्कर काटने के बावजूद भी समस्याओं की सुनवाई नहीं होती। मजबूरन विरोध का रास्ता अपनाना पड़ता है। इस अवसर पर जिला प्रभारी यादवेंद्र डूडी फतेहगढ़, जिला महासचिव धर्मचंद तिवाला, लक्की शर्मा, भूप सिंह खानपुर, मोपल, ढोलू घसौला, राधेश्याम, अनिल बलकरा, करण सिंह मांढी, विनोद कुमार आढ़ती, कृष्ण पहलवान खोरड़ा, घूनिया डागर, कालिया घसौला, सतीश मास्टर चिड़िया इत्यादि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी