ना पर्ची, ना खर्ची का दावा करने वाली गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा : मान

ना पर्ची ना खर्ची का दावा करने वाली गठबंधन सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 06:45 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 06:45 PM (IST)
ना पर्ची, ना खर्ची का दावा करने वाली गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा : मान
ना पर्ची, ना खर्ची का दावा करने वाली गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा : मान

संवाद सहयोगी, बाढड़ा: ना पर्ची, ना खर्ची का दावा करने वाली गठबंधन सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। यह बात अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक राजू मान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हरियाणा लोक सेवा आयोग का घेराव करने के दौरान गिरफ्तार होने के बाद हुई रिहाई के बाद यहां लौटने पर कही। उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग में एक अधिकारी के पास करोड़ों रुपये की बरामदगी से सिद्ध हो गया है कि इस खेल में बड़े महारथी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अगर पाक साफ है तो हाइकोर्ट के सीटिग जज से इस प्रकरण की जांच करवाए। लोक सेवा आयोग कार्यालय के घेराव में भिवानी और दादरी से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री किरण चौधरी की अगुवाई में भाग लेते हुए गिरफ्तारी दी। कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की दमनकारी नीतियों से डरने और झुकने वाले नहीं हैं। वे डटकर जनता के हितों की लड़ाई लड़ेंगे। मान ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में पूर्व सीएलपी लीडर किरण चौधरी इलाके के ज्वलंत मुद्दों को जोरशोर से उठाकर सरकार को घेरेंगी। राजू मान ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में पहले स्थान पर जाने वाला है। भाजपा सरकार के सात साल के कार्यकाल में 32 बार पेपर लीक होने से युवाओं और उनके परिजनों पर बड़ा आर्थिक बोझ पड़ा है। सरकार का प्राइवेट सेक्टर में 75 फीसद आरक्षण का दावा भी महज कागजी साबित हुआ है। इन सबके साथ बढ़ती हुई बेरोजगारी से युवाओं में भारी आक्रोश है। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर 12 दिसंबर को जयपुर में महंगाई हटाओ महारैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के नेतृत्व में भाग लेंगे। इस अवसर पर उनके साथ ब्लाक कार्डिनेटर डा. ओमप्रकाश, बलजीत फौगाट, सुशील धानक, देवेंद्र लीला समसपुर भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी