पशु लोन राशि में धोखाधड़ी करने वाला बैंक कर्मचारी गिरफ्तार, तीन लोगों को लगा चुका चपत

पशु लोन के लाखों रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी करने के मामले में दादरी सिटी थाना पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दादरी के वार्ड नौ निवासी सुधीर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपित बैंक कर्मचारी ने दो और लोगों के पशु लोन के रुपये धोखाधड़ी कर हड़पने की बात कबूल की है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 06:33 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 06:33 PM (IST)
पशु लोन राशि में धोखाधड़ी करने वाला बैंक कर्मचारी गिरफ्तार, तीन लोगों को लगा चुका चपत
पशु लोन राशि में धोखाधड़ी करने वाला बैंक कर्मचारी गिरफ्तार, तीन लोगों को लगा चुका चपत

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पशु लोन के लाखों रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी करने के मामले में दादरी सिटी थाना पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दादरी के वार्ड नौ निवासी सुधीर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपित बैंक कर्मचारी ने दो और लोगों के पशु लोन के रुपये धोखाधड़ी कर हड़पने की बात कबूल की है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव संतोखपुरा निवासी प्रवीण ने एक शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने बताया था कि आठ दिसंबर 2020 को उसने केनरा बैंक दादरी से पशु लोन लिया था। लोन की राशि करीब डेढ़ लाख रुपये पास होकर 10 दिसंबर को उसके खाते में आ गई थी, लेकिन उसी दिन ये रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया था कि लोन करवाते समय बैंक प्रबंधक ने उससे कई खाली फार्म पर भी हस्ताक्षर करवाए थे। उन्हीं कागजात में एक खाली वाउचर भी था। उसने शिकायत में कहा था कि बैंक मैनेजर ने ही उसके खाते से रुपये किसी अन्य के खाते में ट्रांसफर किए हैं। शिकायत के आधार पर दादरी सिटी थाना पुलिस ने 21 मार्च को भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया था।

लोन के दौरान ट्रांजेक्शन स्लिप पर करवाए थे हस्ताक्षर

इस मामले में गहनता से जांच करते हुए दादरी सिटी थाना पुलिस ने 29 नवंबर को एक आरोपित बैंक कर्मचारी को दादरी के भगवान परशुराम चौक से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपित की पहचान दादरी के वार्ड नौ में पीएनबी के पीछे कालोनी निवासी सुधीर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा 30 नवंबर को आरोपित सुधीर को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि उसने पशुधन लोन करवाते समय ट्रांजेक्शन स्लिप पर प्रवीण के हस्ताक्षर करवा लिए थे। इसी स्लिप से लोन के डेढ़ लाख रुपये किसी अन्य के खाते में डालकर निकलवा लिए थे। पुलिस ने आरोपित से 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।

दो और लोगों के साथ की थी धोखाधड़ी

पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर आरोपित ने दो और व्यक्तियों के पशु लोन की राशि धोखाधड़ी कर हड़पने की बात कबूल की है। इस संबंध में दादरी सिटी पुलिस स्टेशन में 10 मार्च व 19 मार्च को मामले दर्ज हैं। जिसमें गांव तिवाला निवासी रविद्र तथा गांव सातौर निवासी नवीन के साथ भी इसी तरह से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पुलिस द्वारा मामले में गहनता से जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी