सर्दी का सितम शुरू, एक की गई जान

जागरण संवाददाता, भिवानी : जिले में सर्दी ने अपना सितम ढहाना शुरू कर दिया है। बुधवार को ठंड

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Dec 2018 01:08 AM (IST) Updated:Thu, 13 Dec 2018 01:08 AM (IST)
सर्दी का सितम शुरू, एक की गई जान
सर्दी का सितम शुरू, एक की गई जान

जागरण संवाददाता, भिवानी : जिले में सर्दी ने अपना सितम ढहाना शुरू कर दिया है। बुधवार को ठंड के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पिछले दो दिनों से जिले में हो रही बूंदाबांदी व शीत लहर के कारण दिन के तापमान में पांच और रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह ठंड फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है। उधर बुधवार देर शाम तोशाम क्षेत्र के कुछ गांवों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।

बुधवार शाम को मौसम बदला और जिलेभर में बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी से तापमान में भी गिरावट आई है। वहीं दिनभर चली शीत लहर ने लोगों को ठिठुराने का काम किया। इस कारण से लोग दिन ढलने के साथ घरों में दुबके नजर आए। जो लोग घरों से बाहर निकले, वो भी गर्म कपड़े पहनकर पूरी तैयारी के साथ निकले। उधर लोहारू क्षेत्र में बुधवार शाम को बूंदाबांदी हुई, जिसने ठंड को बढ़ा दिया। ठंड के करण लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। कृषि अधिकारी डॉ चंद्रभान श्योराण ने बताया कि जम्मू कश्मीर में बर्फबारी के बाद से मौसम में बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई ठंड रबी की फसलों के काफी फायदेमंद रहेगी। फसलों पर बरसी आफत

संवाद सहयोगी,तोशाम : क्षेत्र में देर शाम बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए वही गांव ढाणी माहू, बजीना, लेघां में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है, जिसके कारण सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। बजीना निवासी पूर्व सरपंच बजरंग मड्डू, परमानंद चौकीदार, बनिता पंच, अमित, रोहताश, राजेश पूनिया ढाणी माहू, संजय आदि ने बताया कि बुधवार देर से आए बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। गेहूं की फसल मैं तो बारिश फायदेमंद है लेकिन ओलों से सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने गिरदावरी करवा कर फसल में हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की है। 22 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिनभर में हवा की गति 22 किलोमीटर प्रति घंटा तक मापी गई।

ठंड से बचने के लिए अधिक पानी पीएं

चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में पीएमओ डा. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि ठंड में बढ़ोतरी हो रही है, इस मौसम में खासी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारी बढ़ने की संभावना है। ठंड की चपेट में आने से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पीएं। शरीर को कपड़े से ढक कर रखें। अल सुबह, देर शाम व रात के समय बाहर न घूमें। सावधानी बरतें तो ठंड से बचा जा सकता है।

chat bot
आपका साथी