बादली रोड पर दो कारों की टक्कर में युवक की मौत
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
बादली रोड पर दो कारों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। रोहतक पीजीआइ में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान बहादुरगढ़ के जाखौदा गांव के 20 वर्षीय गोविद पुत्र चरण सिंह के तौर पर हुई। घटना मंगलवार की सुबह हुई। मृतक के जीजा प्रदीप निवासी मंदोली की आंखों के सामने यह घटना हुई। उसी के बयान पर मामला दर्ज किया गया। प्रदीप ने बताया कि वह फिलहाल ओमेक्स सिटी में रहता है। सुबह अपनी कार से बादली की तरफ जा रहा था। उसके आगे एक स्विफ्ट कार चल रही थी। जब सौलधा गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो पीछे से एक आइ-20 कार बड़ी तेज गति से आई। उसके चालक ने लापरवाही बरतते हुए आगे चल रही स्विफ्ट कार में सीधी टक्कर मार दी। इससे वह कार सड़क के साथ पेड़ से टकरा गई। आइ-20 कार का चालक मौके से फरार हो गया। जब उसने स्विफ्ट कार चालक को संभाला तो वह उसका साला गोविद मिला। वह गंभीर रूप से जख्मी था। वह और उसका परिचित गोविद को सिविल अस्पताल ले गए। जहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। रास्ते में गोविद की मौत हो गई। इधर, पुलिस आरोपित कार चालक की तलाश कर रही है। इधर, घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गोविद अविवाहित था और दो भाईयों में बड़ा था। उसकी तीन बहन हैं। गांव के निवर्तमान सरपंच जगबीर सिंह ने बताया कि गोविद के पिता चरण सिंह की भी कुछ समय पहले मौत हो गई थी।