ओमेक्स अपार्टमेंट में 60 लाख का बिजली बिल बकाया, निगम ने काटा कनेक्शन

शहर के रोहतक रोड पर स्थित ओमेक्स सिटी अपार्टमेंट के बि

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 07:37 AM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 07:37 AM (IST)
ओमेक्स अपार्टमेंट में 60 लाख का बिजली बिल बकाया, निगम ने काटा कनेक्शन
ओमेक्स अपार्टमेंट में 60 लाख का बिजली बिल बकाया, निगम ने काटा कनेक्शन

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : शहर के रोहतक रोड पर स्थित ओमेक्स सिटी अपार्टमेंट के बिजली बिल जमा न होने पर निगम द्वारा शनिवार को एक बार फिर अस्थायी तौर पर कनेक्शन काट दिया गया। यहां की सर्विस प्रोवाइडर कंपनी द्वारा 30 लाख रुपये जमा किए गए थे। हालांकि बिल करीब 90 लाख का था। अभी 60 लाख बकाया है। कंपनी ने इस महीने में पूरा बिल क्लियर करने का भरोसा दिलाया। ऐसे में पांच घंटे बाद निगम द्वारा कनेक्शन जोड़ दिया गया। मगर इस दौरान यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मार्च से लेकर अब तक ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब निगम द्वारा ज्यादा बिल बकाया होने की स्थिति में मजबूरी वश अस्थायी तौर पर यहां का कनेक्शन काटा गया। यहां की ग्रीनफील्ड रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव सोमवीर सिंह ने बताया कि ओमेक्स वासियों की ओर से तो यहां की सर्विस प्रोवाइडर कंपनी शानवी को समय पर बिजली बिल का भुगतान किया जाता है। मगर कंपनी द्वारा निगम के पास समय पर बिल नहीं चुकाया जाता। इसका खामियाजा यहां के निवासियों को भुगतना पड़ता है। शनिवार को एक बार फिर से ऐसा ही हुआ। सुबह 11 बजे के आसपास कनेक्शन काटा गया। हाल ही में 90 लाख का बिल था। इसमें से महज 30 लाख रुपये जमा करवाए गए। 60 लाख का बिल अभी भी बकाया है। सीएम विडो पर भी इस बारे में शिकायत की गई थी, मगर समाधान नहीं हुआ।

इधर, बिजली निगम अधिकारियों ने बताया कि करीब एक साल से कंपनी द्वारा किसी भी माह पूरा बिल जमा नहीं कराया जा रहा है। कभी कुल राशि का 50 फीसद, कभी 60 तो कभी 40 फीसद। इसी कारण बकाया राशि बढ़ती जाती है।

chat bot
आपका साथी