पेयजल को तरसा दो वार्डों का छोटूराम नगर

शहर के वार्ड 10 और 11 के अंतर्गत आने वाले छोटूराम नगर में कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। इस कारण लोग परेशान हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 07:55 AM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 07:55 AM (IST)
पेयजल को तरसा दो वार्डों का छोटूराम नगर
पेयजल को तरसा दो वार्डों का छोटूराम नगर

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: शहर के वार्ड 10 और 11 के अंतर्गत आने वाले छोटूराम नगर में कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। इस कारण लोग परेशान हैं। लोगों की मांग पर वार्ड 11 की पार्षद कुसुम शर्मा के प्रतिनिधि व भाजपा नेता अशोक शर्मा की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता संतोष यादव ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। पार्षद प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने जेई संतोष यादव को छोटूराम नगर की काफी गलियों में घर-घर जाकर पानी चेक करवाया और समस्या के समाधान की मांग की। जेई ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

अशोक शर्मा ने बताया कि छोटूराम नगर और वार्ड 11 में पानी की भारी समस्या है। कुछ गलियों में पानी आता है कुछ एरिया में नहीं। इससे जनता में रोष है। अशोक शर्मा ने बताया कि पानी की पाइप लाइन सारे छोटूराम नगर में दबी हुई है। पानी न आने से सरकार के रुपयों का दुरुपयोग हो रहा है, जबकि पहले कई बार वे अधिकारियों से मिल भी चुके हैं और लिखित रूप में शिकायत दे चुके हैं। पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अशोक शर्मा ने बताया कि भाजपा सरकार ने हर घर नल योजना बनाई है ताकि पेयजल के बगैर कोई घर न रहे और यहां कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा। छोटूराम नगर में अमूमन लोग गरीब हैं, इसलिए उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अशोक शर्मा ने जेई को पानी चैक कराकर कहा कि छोटू राम नगर में वार्ड 10 और वार्ड 11 के लिए अलग-अलग जोन बनाकर पानी की सप्लाई की जाए ताकि यह समस्या खत्म हो जाए। जेई संतोष यादव ने बताया कि नहर में पानी की मात्रा फिलहाल कम है। इस कारण पानी का प्रेशर भी कम है। वो उच्च अधिकारियों से बातचीत करते जलघर से पानी की मात्रा ज्यादा करवाएंगे। पार्षद प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने अपने समय में छोटूराम नगर के लिए एक पानी का बूस्टर पास करवाया था, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास बनना था लेकिन वह अब तक बनकर तैयार नहीं हुआ है। पार्षद प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि नगर में पानी की समस्या का समाधान करें। जेई संतोष यादव ने विश्वास दिलाया कि जल्दी पानी की समस्या का समाधान करेंगे। अशोक शर्मा ने कहा कि अगर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी उच्च अधिकारियों को शिकायत करेंगे। इस मौके पर जगपाल रुहिल, मदन, अरुण, शंभू, श्याम मास्टर, शिव कुमार, महेंद्र ढाका, आजाद आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी