नगर निगम के पार्को में सूखे पत्तों से बनेगी खाद, बिक्री भी करेगा
नगर निगम शहर के बड़े पार्कों में सूखे कचरे से खाद बनाने का काम शुरू करेगा। इसके लिए पार्कों में हौद बनाई जाएगी। इस हौद में सूखे कचरे से खाद बनाने का काम किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: नगर निगम शहर के बड़े पार्कों में सूखे कचरे से खाद बनाने का काम शुरू करेगा। इसके लिए पार्कों में हौद बनाई जाएगी। इस हौद में सूखे कचरे से खाद बनाने का काम किया जाएगा। नगर निगम सूखे कचरे से खाद के लिए एक सप्ताह में टेंडर करेगा। वहीं पार्क में कंपनी ही खाद बनाने के लिए हौद का निर्माण करेगी। यहां पर खाद बनाने के बाद बिक्री भी की जाएगी। साथ ही पार्क की हरियाली के लिए खाद का प्रयोग किया जाएगा।
मालूम हो कि नगर निगम के शहर में 144 पार्क बने हैं। इन पार्कों में हरियाली के लिए पौधे लगे हैं। इसमें देखने को मिलता है कि पार्क में सूखे कचरे से गंदगी फैली रहती है। लेकिन पार्क में टहलने वाले लोग कचरे में आग लगा देते हैं। आग लगाने से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश का उल्लंघन होता है। इसलिए नगर निगम ने पार्क में सूखे कचरे से कंपोस्ट खाद बनाने का काम शुरू करेगा। इसके लिए नगर निगम कंपनी को टेंडर करेगी। कंपनी पार्कों में कंपोस्ट खाद बनाने के लिए हौद बनाएगी। इस हौद में सूखे पत्तों को गिरा दिया जाएगा। इसके बाद खाद बनाने के लिए केमिकल का प्रयोग किया जाएगा। हालांकि पहले खाद का प्रयोग हरियाली के लिए होगा। वहीं प्रयोग के बाद बची खाद की बिक्री करने का काम किया जाएगा।
इस संबंध में मुख्य अभियंता महीपाल सिंह ने बताया कि नगर निगम बड़े पार्कों में सूखे कचरे से खाद बनाने का काम शुरू करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
सूखे कचरे से खाद बनाने का तरीका
कंपोस्ट एक प्रकार की खाद है, जो जैविक पदार्थों से बनाई जाती है। कंपोस्ट खाद बनाने का सबसे सरल तरीका है। इसमें जैव पदार्थों (जैसे पत्तियां, बचा खाना) के ढेर को एक जगह पर कुछ समय के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि इसका विघटन हो जाए। इसके बाद खाद बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।