छह मंडियों में किसानों ने लगाया जाम, नारेबाजी के बाद वापस लौटे सांसद सैनी

जिले भर की आठ अनाज मंडियों में से छह मंडियों में बुधवार को किसानों ने जाम लगा दिया जबकि छावनी की मोहड़ा मंडी में किसानों ने धरना दिया। शहजादपुर में कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी नारेबाजी के बाद लौट गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 01 Oct 2020 06:40 AM (IST) Updated:Thu, 01 Oct 2020 06:40 AM (IST)
छह मंडियों में किसानों ने लगाया जाम, नारेबाजी के बाद वापस लौटे सांसद सैनी
छह मंडियों में किसानों ने लगाया जाम, नारेबाजी के बाद वापस लौटे सांसद सैनी

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : जिले भर की आठ अनाज मंडियों में से छह मंडियों में बुधवार को किसानों ने जाम लगा दिया जबकि छावनी की मोहड़ा मंडी में किसानों ने धरना दिया। शहजादपुर में कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी नारेबाजी के बाद लौट गए। किसानों ने धान की खरीद नहीं होने पर रोष प्रकट किया। किसान दिनभर सड़क पर बैठे रहे। शाम को साहा, नारायणगढ़, भरेड़ी कलां मंडी और शहजादपुर अनाज मंडी में अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। वहीं अंबाला शहर अनाज मंडी में कोई भी अधिकारी किसानों को आश्वासन देने नहीं पहुंचा। यहां किसान धरने पर डटे हैं।

भारतीय किसान यूनियन के सुखविद्र सिंह ने बताया कि शहर अनाज मंडी में धान की खरीद नहीं की जा रही है। इससे परेशान होकर किसानों ने अंबाला-हिसार रोड पर जाम लगाया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने यातायात को मानव चौक से कचहरी चौक और अग्रसेन चौक के लिए यातायात को डायवर्ट किया। -घोषणा के बावजूद नहीं बिक रहा धान

सरकारी घोषणा के बाद चौथे दिन भी अनाज मंडियों में धान की खरीद शुरू नहीं हो सकी। धान की खरीद नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन ने जाम लगाने को लेकर 11 बजे अपील की थी, लेकिन हताश किसानों ने सुबह आठ बजे ही जाम लगा दिए। क्योंकि अनाज मंडियों में किसान पहले ही धान बेचने के लिए पहुंचे थे। किसानों में रोष है कि सरकारी घोषणा कर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। वास्तविकता यह है कि धान की बेकद्री की जा रही है।

---------

छावनी में मंडी गेट पर किसानों ने किया प्रदर्शन

धान की खरीद शुरू करने की मांग को लेकर छावनी की नई अनाज मंडी मोहड़ा में किसानों ने धरना दिया। किसानों ने कहा कि सरकार किसान व आम जनता के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य का वर्णन कानून में करे। मंडियों को खत्म न किया जाए और बिना शर्त खरीद शुरू की जाए। इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने कहा कि अन्नदाता मांगों के लिए सड़कों पर हैं। धरने में शाहपुर के जगतार सिंह, जलबेडा के अजयब सिंह, शाहपुर से जुझार सिंह, प्रदीप सिंह, बड़ौला के परमजीत सिंह, रणधीर सिंह सहित मछौंडा, घसीटपुर, दुखेड़ी, कोट कछवा, बाड़ा, उगाड़ा, बाबाहेडी, हरीपुर, नन्हेड़ा के किसान मौजूद रहे।

--------

भरेहड़ी कलां में लिंक रोड किया बाधित

संस, नारायणगढ़ :कस्बा में गुस्साए किसानों ने सिविल अस्पताल रोड जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आढ़ती भी धरना में पहुंचे। इसी तरह भरेहड़ी कलां में भी किसानों ने लिक रोड जाम किया, लेकिन शाम को अधिकारी के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम हटा दिया। अनाज मंडी के सामने किसानों ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर दी थी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम डा. वैशाली और डीएसपी ने मौके पर पहुंच किसानों को समझाया।

-------------

किसानों ने सरकार को कोसा

संस, साहा : गेट पास न मिलने को लेकर साहा अनाज मंडी के सामने किसानों ने धरना प्रदर्शन कर सरकार को कोसा। प्रदर्शन की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन अंबाला प्रधान मलकीत सिंह ने की। गेट पास नहीं मिलने के कारण किसान परेशान हैं। गुस्साए किसानों ने 10 बजे जाम लगा दिया था, जो 6 घंटे लगा रहा। पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट किया। डीएसपी रजनीश शर्मा और साहा नायब तहसीलदार सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया।

------------

धान नहीं हो सकी खरीद

संस, बराड़ा : राइस मिल संचालकों, आढ़ती एसोसिएशन और किसान संगठनों की मांगों के बाद भी धान की खरीद नहीं हो सकी। रोड जाम की चेतावनी के कारण अनाज मंडी परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन से असहयोग आंदोलन के चलते आढ़ती एसोसिएशन ने अपनी दुकानें बंद रखकर कामकाज ठप रखा। जय सिंह, दयाल चंद, हरी राम, गुरतेज सिंह, नरपत सिंह, प्रताप सिंह, गुरमेल सिंह व जसविदर सिंह आदि किसानों ने बताया कि कई दिन से उनकी फसल मंडी के परिसर में पड़ी हुई है। उपमंडल अधिकारी (ना) गिरीश चावला अनाज मंडी पहुंचे, जहां आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कंवलजीत सिंह विर्क से बात की, लेकिन आढ़ती अपनी बात पर अडिग रहे।

--------

पांच घंटे तक बाधित रहा शहजादपुर-अंबाला मार्ग

संस, शहजादपुर : भाकियू व गन्ना संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 72 शहजादपुर-अंबाला मार्ग पर अनाज मंडी के गेट के सामने जाम लगा दिया। लगभग साढ़े पांच घंटे तक चले जाम के दौरान किसानों ने जमकर सरकार व सरकार के नुमाइंदों के खिलाफ नारेबाजी की। मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा ने कहा कि किसानों की धान खराब हो रही है। आढ़ती एसोसिएशन अनाज मंडी शहजादपुर के प्रधान हरबंस सिंह तथा अशोक मेहता मौका पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आढ़तियों के पास बारदाना नहीं है। पौने पांच बजे के करीब बीडीपीओ शहजादपुर विशाल पराशर व थाना प्रबंधक के साथ मार्केट कमेटी के सचिव अफसर सिंह, हैफेड के सुखदेव ने किसानों से बातचीत की।

chat bot
आपका साथी