व्यक्ति की गला घोंटकर की हत्या, मृतक की जेब से मिला 100 का नोट
जागरण संवाददाता अंबाला शहर लॉकडाउन लगने के बाद भी सदर थाना एरिया में एक व्यक्ति की गल
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : लॉकडाउन लगने के बाद भी सदर थाना एरिया में एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मरने वाले की उम्र करीब 32 साल है। पुलिस को नया चंडीगढ़-कैथल बाईपास के पास रेलवे क्रॉसिग पुल के नीचे से सुबह साढ़े छह बजे शव बरामद किया है। घटनास्थल से पुलिस को केसरी रंग का कपड़ा बरामद हुआ जो मृतक के गले में लिपटा हुआ था, जिससे प्रतीत हो रहा व्यक्ति का गला घोंट कर मौत के घाट उतारा गया है। हालांकि अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मगर पुलिस ने राहगीर हीरा नगर निवासी इंद्रपाल सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है तथा शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है।
शिकायतकर्ता इंद्रपाल सिंह के मुताबिक वह प्राइवेट नौकरी करता है। वह अपने दोस्त रविदास बस्ती निवासी महेश सरोहा के साथ सुबह साढ़े बजे घर से सैर के लिए निकले थे। दोनों पैदल छोटी घेल से होते हुए नया बाईपास चंडीगढ़ कैथल रेलवे क्रासिग पुल के नीचे से जा रहे थे तब उन्हें फ्लाईओवर के नीचे एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखा तो वह ओधें मुंह पड़ा था। हालत देखने के बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया तो व्यक्ति के गले में कपड़े से गला घोंटा हुआ था। पहचान के लिए व्यक्ति की जेब को चेक किया गया तो केवल 100 रुपये का नोट ही मिला। इसके बाद मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस ने राहगीरों से पूछताछ की मगर पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है।