रिलायंस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि मामले वापस लिए

Reliance. रिलायंस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि मामले वापस ले लिए हैं।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Sun, 16 Jun 2019 04:10 PM (IST) Updated:Sun, 16 Jun 2019 04:10 PM (IST)
रिलायंस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि मामले वापस लिए
रिलायंस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि मामले वापस लिए

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव से पहले राफेल सौदे के मामले में रिलायंस ने अपने समूह की विविध कंपनियों के खिलाफ बयानबाजी को लेकर कांग्रेस नेताओं व एसोसिएट जर्नल के खिलाफ दायर मानहानि केस वापस ले लिए हैं। अन्य मीडिया संस्थानों के विरुद्ध भी केस वापस लिए जाने के संकेत हैं।

गत माह रिलायंस समूह ने अहमदाबाद सिटी सिविल एवं सत्र कोर्ट में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दायर मानहानि के मामले वापस लेने की घोषणा की थी। शुक्रवार को उनके वकील हर्षद पारेख ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस नेता ओमान चांडी, कांग्रेस की पूर्व नेता प्रियंका चतुर्वेदी, कांग्रेस प्रवक्ता व बिहार प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, नेशनल हेराल्ड अखबार के प्रकाशक एसोसिएट जर्नल के खिलाफ आरोप वापस ले लिए।

कांग्रेस नेताओं के वकील पंकज चांपानेरी ने बताया कि रिलायंस समूह के वकील ने कोर्ट को बताया कि वह मानहानि मामले में केस को आगे नहीं बढाना चाहते हैं।

चांपानेरी ने कहा कि कांग्रेस के अन्य नेता संजय निरुपम, सुनील जाखड़, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, टाइम्स समूह के तीन समाचार पत्र, दी वायर, ब्लुमबर्ग क्विंट, दी सिटीजन, डीएनए, दी ट्रिब्यून, एनडीटीवी, द वीक समूहों के पत्रकार व मीडिया समूहों के खिलाफ भी अगली सुनवाई में केस वापस लिए जा सकते हैं। राफेल सौदे को लेकर आई मीडिया रिपोर्ट व बयानों के बाद रिलायंस ने मानहानि के मामले दायर किए थे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी