Gujarat Bypoll: मोरवा हड़फ सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान कल

Gujarat Bypoll पंचमहाल जिले की मोरवा हड़फ सीट के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव के लिए मतदान होगा। इसी सीट पर निर्दलीय चुनाव जीतने वाले भूपेंद्र सिंह खांट के निधन के चलते उपचुनाव हो रहा है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 08:11 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 08:11 PM (IST)
Gujarat Bypoll: मोरवा हड़फ सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान कल
मोरवा हड़फ सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat Bypoll: गुजरात में पंचमहाल जिले की मोरवा हड़फ (अजजा सुरक्षित) सीट के लिए शनिवार को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। इसी सीट पर निर्दलीय चुनाव जीतने वाले भूपेंद्र सिंह खांट के निधन के चलते उपचुनाव हो रहा है। नवंबर, 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद भूपेंद्र सिंह के अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र को लेकर आपत्ति के चलते की विधानसभा की उनकी सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी के इस फैसले को तत्कालीन विधायक खांट ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत व गुजरात उच्च न्यायालय में भी चुनौती दी, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच इस सीट के लिए मतदान शुरू होगा। 

गौरतलब है कि मोरवा हड़फ सीट आदिवासी बहुल पंचमहाल जिले में आती है तथा यह अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। भूपेंद्र खाट के पिता ओबीसी समाज से आते हैं, लेकिन उनकी माता आदिवासी थी। उनके जन्म के बाद माता अपने पीहर चली गईं और उनके साथ भूपेंद्र खांट अपने ननिहाल में ही रहे तथा वहां ही उनकी प्राथमिक शिक्षा हुई। केंद्र सरकार की एक अधिसूचना के मुताबिक, ननिहाल में रहकर शिक्षा पाने वाले बच्चों को उसकी माता के समुदाय का मान कर उसका प्रमाण पत्र बनाया जाता है तथा उसी आधार पर भूपेंद्र ने चुनाव लड़ा था।

इधर, गुजरात भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 281 सदस्‍यों वाली जंबो कार्यकारिणी का गठन किया है। प्रदेश अध्‍यक्ष सीआर पाटिल ने एक दिन पहले ही विविध मोर्चा के अध्‍यक्षों की नियुक्ति की है। पाटिल ने इसमें युवा व अनुभवी चेहरों को जगह दी है। पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी, महेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री जयनारायण व्‍यास को विशेष आमंत्रित में जगह दी गई है। प्रदेश में हाल ही छह महानगर पालिका, 33 जिला पंचायत तथा बडी संख्‍या में नगरपालिका व तहसील पंचायतों पर कब्‍जा जमाने के बाद अब भाजपा अध्‍यक्ष ने प्रदेश संगठन को चुस्‍त-दुरुस्‍त करते हुए जंबो प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। इसमें मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्‍यमंत्री नितिन पटेल, शिक्षामंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्‍मा, सहित सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद व विधायक शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी