Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे अमित शाह

Gujarat Assembly Election 2022 अमित शाह ने गुजरात दौरे में राज्य में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा इनमें गति लाने के लिए सरकार के नेताओं व अधिकारियों को सीधे निर्देश दिए। शाह 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 04:36 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 05:50 PM (IST)
Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे अमित शाह
गुजरात विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे अमित शाह। फाइल फोटो

अहमदाबाद. जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात दौरे में राज्य में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा इनमें गति लाने के लिए सरकार के नेताओं व अधिकारियों को सीधे निर्देश दिए। शाह 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गए हैं और विकास के मुद्दे को ही ऊपर रखा है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह बीते तीन दिन गुजरात दौरे पर थे। केंद्र सरकार के राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत के साथ उन्होंने राज्य सरकार से टीकाकरण की गति बढ़ाने को कहा। शाह ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, भाजपा के अन्य पदाधिकारी व विधायकों से मिलकर सरकार व संगठन को विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों का निर्देश दिया।

गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं तथा शाह ने अपनी इस यात्रा से उसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने सरकार को राज्य में चल रहे बड़े विकास कार्यों को जल्द संपन्न करने के निर्देश दिए। साथ ही, मेट्रोरेल प्रोजेक्ट, साबरमती रिवर फ्रंट, गिफ्ट सिटी, साबरमती आश्रम आदि के विकास कार्यों की समीक्षा भी की। प्रदेश के नेताओं व अधिकारियों के साथ शाहीबाग में बैठक कर शाह ने साफ संकेत दे दिया है कि चुनाव से पहले सरकार व संगठन में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाए। प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ जनता के बीच केंद्र राज्य सरकार के विकास कार्यो की जानकारी भी पहुंचाई जाए। शाह ने अहमदाबाद व गांधीनगर के कलक्टर, विकास अधिकारी तथा सरकार के विभिन्न विभागों के सचिव आदि से भी बैठकें कर उनके विभागों में चल रहे कामकाज की जानकारी ली। आला अधिकारियों के साथ बैठकर गिफ्ट सिटी, रिवर फ्रंट, गांधी आश्रम, मेट्रो रेल जैसे बड़े प्रोजेक्ट की समीक्षा की।

राहुल गांधी व मनीश सिसोदिया कल सूरत में

कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गुरुवार को एक दिन के गुजरात दौरे पर हैं। राहुल गांधी स्थानीय अदालत में पेश होंगे। मोदी समाज के अध्यक्ष व विधायक पूर्णेश मोदी ने उनके खिलाफ मोदी समाज को बदनाम करने की एक शिकायत की थी। एक चुनावी रैली में राहुल ने मोदी के खिलाफ टिप्पणी की थी।इसको लेकर राहुल के खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ था। आप नेता मनीष सिसोदिया सूरत में पार्टी के जनप्रतिनिधि के साथ बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

गुजरात महिला कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन

गुजरात महिला कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। पेट्रोल डीजल,गैस व दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दामों में वृद्धि के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गायत्री वाघेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने अहमदाबाद, राजकोट आदि शहरों में पेट्रोल डीजल गैस सब्जी व अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दामों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। गले में प्याज की माला व हाथों में महंगाई के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर कांग्रेस की महिला नेता व कार्यकर्ता सड़कों पर उतरी। अध्यक्ष गायत्री ने कहा कि तेल व गैस के दाम में वृद्धि का सीधा असर सब्जी व दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ता है। 2014 से पहले भाजपा नेता ही कहा करते थे, बहुत हुई महंगाई की मार लेकिन अब एक भी भाजपा नेता महंगाई पर बोलने को तैयार नहीं है।

chat bot
आपका साथी