ओवैसी की पार्टी गुजरात में करेगी पदार्पण की घोषणा, भारतीय ट्राइबल पार्टी संग किया गठबंधन

गुजरात में सांसद असदुद्दीन ओवैसी (MP Asaduddin Owaisi ) की पार्टी एआईएमआईएम अपने पदार्पण की औपचारिक घोषणा करेगी। एआईएमआईएम ने गुजरात की भारतीय ट्राइबल पार्टी संग गठबंधन किया है गठबंधन के बाद से कांग्रेस नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 10:39 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 10:39 AM (IST)
ओवैसी की पार्टी गुजरात में करेगी पदार्पण की घोषणा, भारतीय ट्राइबल पार्टी संग किया गठबंधन
सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी गुजरात में अपने पदार्पण की औपचारिक घोषणा करेगी।

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। सांसद असदुद्दीन ओवैसी (MP Asaduddin Owaisi) की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसल्मीन (एआईएमआईएम) शनिवार गुजरात में अपने पदार्पण की औपचारिक घोषणा करेगी। एआईएमआईएम ने गुजरात की भारतीय ट्राइबल पार्टी (Indian Tribal Party) के साथ गठबंधन किया है। गठबंधन आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी खड़े करेगा। गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक साबिर काबलीवाला को प्रदेश में एआईएमआईएम की कमान सौंपी जा सकती है। 

  गठबंधन के अस्तित्व में आने से पहले कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। दरियापुर से कांग्रेस विधायक ग्यासुद्दीन शेख ने एआईएमआईएम पर भाजपा के इशारे पर गुजरात में आने का आरोप लगाया है। शेख का कहना है कि गुजरात की मुस्लिम मत बैंक में विभाजन के लिए भारतीय जनता पार्टी एआईएमआईएम को आगे कर रही है। गुजरात में अगले माह स्थानीय निकाय चुनाव होने की संभावना है।

  राज्य की सभी 33 जिला पंचायत करीब डेढ़ सौ नगरपालिका है तथा 6 महानगर पालिकाओं के चुनाव इस चरण में होने हैं तथा 2022 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें लिटमस टेस्ट के रूप में भी देखा जा रहा है। शनिवार दोपहर एआईएमआईएम अपने गुजरात में पदार्पण का ऐलान करने वाली है तथा गुजरात से चुनाव लड़ने वाली मुस्लिम छवि वाली यह पहली पार्टी होगी। कांग्रेस तथा भाजपा के अलावा गुजरात में विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय पार्टियां समाजवादी पार्टी, जनता दल, बहुजन समाज पार्टी के अलावा करीब एक दर्जन पार्टियां समय-समय पर गुजरात में अपना भाग्य आजमा चुकी है।

  जनता दल के दिग्गज नेता रहे चिमन भाई पटेल की राष्ट्रीय जनता पार्टी के अलावा किसी भी तीसरे दल को राज्य में सफलता हासिल नहीं हो सकी। पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला कांग्रेस भाजपा तथा एनसीपी में होते हुए अब अपनी डेमोक्रेटिक प्रजाशक्ति पार्टी के जरिए उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अब उनकी पहले जैसी पकड़ नहीं रह गई है। पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल ने भी गुजरात परिवर्तन पार्टी का निर्माण किया था लेकिन बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे।

chat bot
आपका साथी