Gujarat Politics: जगदीश ठाकोर बन सकते हैं गुजरात कांग्रेस के नए अध्यक्ष

Gujarat Politics कांग्रेस ने गुजरात में अपने ओबीसी मत बैंक को साधने के लिए इस बार अध्यक्ष पद की कमान ठाकोर नेता व पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को सौंपने का फैसला किया है जिसकी घोषणा शुक्रवार को किए जाने की संभावना है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 08:37 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 08:37 PM (IST)
Gujarat Politics: जगदीश ठाकोर बन सकते हैं गुजरात कांग्रेस के नए अध्यक्ष
जगदीश ठाकोर बन सकते हैं गुजरात कांग्रेस के नए अध्यक्ष। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर की नियुक्ति तय मानी जा रही है, जबकि नेता विपक्ष के लिए आदिवासी तथा पाटीदार में से एक नेता के नाम पर मुहर बाकी है। ठाकोर के नाम की घोषणा संभवत: शुक्रवार को होगी। निकाय चुनाव में करारी हार के बाद से प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की तलाश थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बुधवार को गुजरात कांग्रेस प्रभारी व पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने मुलाकात कर गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष व नेता विपक्ष के पदों पर नियुक्ति के मामले में चर्चा की। कांग्रेस ने गुजरात में अपने ओबीसी मत बैंक को साधने के लिए इस बार अध्यक्ष पद की कमान ठाकोर नेता व पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को सौंपने का फैसला किया है, जिसकी घोषणा शुक्रवार को किए जाने की संभावना है। उत्तर गुजरात के कद्दावर नेताओं में शुमार जगदीश ठाकोर प्रदेश कांग्रेस के सर्वमान्य नेता होने के साथ निर्विवादित भी हैं। नेता विपक्ष के लिए आदिवासी नेता व विधायक सुखराम राठवा का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। वैसे पाटीदार नेता वीरजी ठुमर के नाम की भी चर्चा है। शुक्रवार को गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष व नेता विपक्ष के नामों की घोषणा संभवत: कर दी जाएगी।

राज्य में फरवरी-मार्च 2021 को हुए पंचायत व पालिका चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा व नेता विपक्ष परेश धनाणी ने इस्तीफा दे दिया था। इसके तुरंत बाद ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव का निधन हो गया था। बीते माह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की नियुक्ति की गई थी। अब इन दो पदों के नाम की घोषणा होगी। माना जा रहा है कि हार्दिक पटेल के अलावा तीन नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात के नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि पार्टी के पदाधिकारियों में शक्ति संतुलन के साथ जातिगत समीकरण भी साधे जा सकें।

chat bot
आपका साथी