Triple Murder In Gujarat: अरावली में तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या से पहले पत्नी को भी मारने की कोशिश

Triple Murder In Gujarat तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या से पहले पत्नी को भी मारने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना गुजरात की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 02:47 PM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 09:05 PM (IST)
Triple Murder In Gujarat: अरावली में तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या से पहले पत्नी को भी मारने की कोशिश
तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या से पहले पत्नी को भी मारने की कोशिश। फाइल फोटो

अरावली, प्रेट्र। गुजरात के अरावली जिले में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी और अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि मेघराज तालुका के रामद गांव में शुक्रवार रात हुई घटना के बाद से महिला की हालत गंभीर है। इसारी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपित जीवाभाई देदुन को रविवार को पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया, जब उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आरोपित को स्पष्ट रूप से संदेह था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं। अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार की रात उस व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

इसके बाद वह कथित तौर पर अपनी ढाई और आठ साल की दो बेटियों और नौ साल के बेटे को अपने साथ ले गया और गांव के पास स्थित एक बांध में फेंक दिया। तीनों शव शनिवार शाम को निकाले गए। रविवार की सुबह आरोपित ने बांध के पास एक पेड़ से लटककर जान देने की कोशिश की, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उसके आत्महत्या के प्रयास को विफल कर दिया। अधिकारी ने कहा कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी का भी एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

गौरतलब है कि इससे पहले वडोदरा जिले के करजण में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या करने के आरोप में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपितों को धर दबोचा है। दरअसल, आरोपितों तक पहुंचने में स्निफर डॉग की बड़ी भूमिका रही है। घटनास्थल से 700 मीटर की दूरी पर एक आबादी में पहुंच कर स्निफर डॉग ने एक युवक पर भौंकना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शंका के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपित टूट गया और उसने सच उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि महिला के साथ छह लोगों ने दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। सभी आरोपित मूल यूपी और बिहार के रहने वाले हैं। 

chat bot
आपका साथी