लखीमपुरखीरी हिंसा के विरोध में गुजरात कांग्रेस का धरना, केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग
Lakhimpurkhiri Violence लखीमपुरखीरी हिंसा के मामले में गुजरात कांग्रेस ने धरना दिया और आरोपी आशीष मिश्रा के पिता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के सभी वरिष्ठ व युवा नेता सहित करीब 50 विधायकों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के लखीमपुरखीरी में किसानों को कार से कुचले जाने की घटना के विरोध में गुजरात कांग्रेस ने कोचराब आश्रम पर धरना दिया। कांग्रेस ने आरोपी के पिता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है। गुजरात कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी रघु शर्मा के नेतृत्व में लंबे समय बाद पार्टी नेता एकजुट नजर आए। कांग्रेस के सभी वरिष्ठ व युवा नेता सहित करीब 50 विधायकों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया। रघु शर्मा ने यहां कहा कि कांग्रेस के शासन में किसानों के कर्ज माफ किए गए जबकि भाजपा के शासन में उन्हें कार से कुचला जा रहा है यह लोकतंत्र की हत्या है।
भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने की बात कह कर सत्ता में आई लेकिन सत्ता मिलने के बाद अब किसानों को सड़कों पर बिठा दिया है। शर्मा ने कहा कि देश में खेत खलिहानों को बचाने तथा किसानों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। लखीमपुर घटना को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का एक भी नेता अभी तक पीड़ित किसानों से मिलने नहीं गया। जबकि किसानों व पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा को अवैध तरीके से 3 दिन तक हिरासत में रखा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एयरपोर्ट पर ही रोका गया। उत्तर प्रदेश सरकार का यह व्यवहार पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस ने लखीमपुर घटना मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से कराने की मांग की है। साथ ही आरोपी के पिता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का भी इस्तीफा मांगा है। किसानों के बहाने गुजरात कांग्रेस एकजुट नजर आई। सांसद अमीबेन याग्निक, प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, नेता विपक्ष परेश धनाणी, कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, सिद्धार्थ पटेल सहित पार्टी के 50 से अधिक विधायक इसमें शामिल हुए। हाल ही कांग्रेस से जुड़े विधायक जिग्नेश मेवाणी भी पहली बार सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में शामिल हुए।
महंगाई के खिलाफ सड़कों पर एआईएमआईएम
अहमदाबाद। एआईएमआईएम ने महंगाई के खिलाफ अहमदाबाद में प्रदर्शन किया। पार्टी के अहमदाबाद अध्यक्ष शमशाद पठान ने कहा कि भाजपा अच्छे दिन के वादे कर सत्ता में आई थी आज महंगाई पूरे चरम पर है। पेट्रोल डीजल शतक लगा चुके हैं, गैस का सिलेंडर 900 रु के पार चला गया। पठान ने कहा कि केंद्र सरकार हमें वही पुराने दिन लौटा दे।