Gujarat News: गुजरात कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा ने कहा-भाजपा सत्ता में हो कर भी बौखला गई

रघु शर्मा ने कहा की भाजपा कांग्रेस एवं विपक्ष के नेताओं को हैरान परेशान करने के लिए हथकंडे अपना रही है। सूरत मोढवणिक समाज के अध्यक्ष पूर्णेश मोदी ने ही राहुल गांधी के खिलाफ मोदी सरनेम पर बयानबाजी को लेकर मानहानि का केस दर्ज किया था।

By Priti JhaEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 01:49 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 01:55 PM (IST)
Gujarat News: गुजरात कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा ने कहा-भाजपा सत्ता में हो कर भी बौखला गई
गुजरात कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा ने कहा है कि भाजपा सत्ता में हो कर भी बौखला गई है

अहमदाबाद, जेएनएन।। गुजरात कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा ने कहा है कि भाजपा सत्ता में हो कर भी बौखला गई है, राहुल गांधी को परेशान करने के लिए उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया गया। राहुल गांधी मानहानि के एक मामले में शुक्रवार को सूरत की कोर्ट में पेश होंगे। गुजरात कांग्रेस के प्रभारी एवं राजस्थान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस कई दशकों तक देश में सत्ता पर रही इस दौरान भाजपा के नेता कांग्रेस के नेताओं एवं प्रधानमंत्रियों के खिलाफ तरह-तरह के बयान बाजी करते रहे हैं लेकिन कांग्रेस कभी भी इनके खिलाफ अदालत में नहीं गए। कांग्रेस जनहित में महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी, आंदोलन करेगी।

रघु शर्मा ने कहा की भाजपा, कांग्रेस एवं विपक्ष के नेताओं को हैरान परेशान करने के लिए हथकंडे अपना रही है। गौरतलब है कि सूरत मोढवणिक समाज के अध्यक्ष पूर्णेश मोदी ने ही राहुल गांधी के खिलाफ मोदी सरनेम पर बयानबाजी को लेकर मानहानि का केस दर्ज किया था। हाल पूर्णेश मोदी गुजरात की सरकार में पर्यटन व परिवहन मंत्री हैं। शर्मा का आरोप है कि सत्ता में रहकर भाजपा ने गरीब पिछड़ों के लिए कोई भलाई के काम नहीं किए। कोरोना महामारी के दौरान भाजपा सरकारों का रवैया जनविरोधी व जनता की उपेक्षा भरा रहा।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस महंगाई भ्रष्टाचार भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी और पूरी ताकत के साथ आंदोलन को चलाएगी। भाजपा जनादेश का सम्मान नहीं करती है गोवा मध्य प्रदेश आदि राज्यों में जनता ने कांग्रेस को बहुमत दिया लेकिन भाजपा ने विधायक खरीदकर सत्ता का गठन कर लिया। डॉ शर्मा ने कहा की भाजपा की सरकार इन राज्यों में खरीदी हुई है जनता ने उन्हें नहीं चुना।

डॉ शर्मा का दावा है कि गुजरात सहित अन्य राज्यों में भविष्य में कांग्रेस सत्ता में आएगी तथा इन राज्यों की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। उनका कहना है कि जनता को हर मुद्दे पर गुमराह किया जाता है और वोट बटोरने की कोशिश की जाती है। केंद्र व भाजपा शासित राज्यों की जनता अब इनके शासन से परेशान हो चुकी है आगामी चुनाव में इसका असर भी नजर आएगा। 

chat bot
आपका साथी