Gujarat: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा नेताओं ने गुजरात नव वर्ष पर अमित शाह से की मुलाकात

Gujarat मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गुजरात नव वर्ष के अवसर पर शुक्रवार सुबह सरखेज गांधीनगर हाइवे पर स्थित अमित शाह के आवास पर मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गुजरात नव वर्ष की शुभकामना दी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 04:07 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 04:07 PM (IST)
Gujarat: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा नेताओं ने गुजरात नव वर्ष पर अमित शाह से की मुलाकात
गुजरात नववर्ष पर मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने अमित शाह से की मुलाकात। फोटो ट्वीटर

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात नव वर्ष पर बधाई देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह दीपावली पर्व पर तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। दीपावली पूजन अपने परिवार व पारिवारिक मित्रों के साथ मनाने के बाद उन्होंने गुजरात व देशवासियों को दीपावली व नववर्ष की शुभकामनाएं दी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार सुबह सरखेज गांधीनगर हाइवे पर स्थित उनके आवास पर मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को नव वर्ष की शुभकामना दी। अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री का मुंह मीठा कराया तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों व भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दीपावली नववर्ष की शुभकामनाएं दी। अमित शाह से मिलने वाले अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं में अहमदाबाद-पूर्व के सांसद हसमुखभाई पटेल, अहमदाबाद-पश्चिम के सांसद डा किरीट सोलंकी, राज्य के मंत्री जगदीश पांचाल, विधायक बाबूभाई पटेल और राज्य के पूर्व मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा शामिल थे। 

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात सरकार ने पुलिस व पंचायती राज समेत कई सरकारी विभागों में बंपर भर्तियां निकाली हैं। पुलिस विभाग में जहां 10,459 पदों के लिए आनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं, वहीं पंचायत राज विभाग ने भी करीब दस हजार पदों पर भर्ती का एलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने खाली पदों पर शीघ्र भर्ती के निर्देश दिए हैं। गुजरात पिछले कई वर्षों से सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्रों में नौकरी देने के मामले में अव्वल रहा है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने 20 हजार पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। पंचायत राज मंत्री ब्रजेश मेरजा ने 10 हजार से अधिक पदों पर शीघ्र भर्ती शुरू करने की घोषणा की है। विभाग में लंबे समय से भर्तियां रुकी हुई थीं। पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष हंसमुख पटेल ने बताया कि लोकरक्षक दल के 10,459 पदों पर भर्ती के लिए 12 नवंबर तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महिलाओं के लिए 1,983 पद आरक्षित होंगे। इसके अलावा आणंद कृषि विश्वविद्यालय, गुजरात मेट्रो रेल, रोडवेज, सर्व शिक्षा अभियान आदि विभागों के विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। गुजरात बीते तीन वर्षो में देश में सबसे अधिक नौकरी प्रदाता राज्य बन गया है। बीते पांच वर्षो में राज्य में दो लाख लोगों को सरकारी व 2,085 रोजगार मेलों के जरिये 17 लाख युवक-युवतियों को गैर सरकारी नौकरियां दिलाई गई हैं। 

chat bot
आपका साथी