Arvind Kejriwal In Gujarat: दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का अहमदाबाद दौरा, सियासी जमीन की तलाश शुरू

Arvind Kejriwal In Gujarat दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल आज एक दिन की यात्रा पर गुजरात में हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में सियासी जमीन तैयार करने की हर संभव कोशिश कर रही है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 07:53 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 02:45 PM (IST)
Arvind Kejriwal In Gujarat: दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का अहमदाबाद दौरा, सियासी जमीन की तलाश शुरू
दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल एक दिन की गुजरात यात्रा पर

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि गुजरात में भाजपा-कांग्रेस का गठजोड़ है। आम आदमी पार्टी जनता को एक नया विकल्प देगी। गुजरात में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में अपनी सियासी जमीन तलाशना शुरू कर दी है।

 अहमदाबाद में केजरीवाल ने कहा की 75 साल से जनता ने कांग्रेस - भाजपा को वोट दिया लेकिन जनता को इन लोगों ने बदहाल बना दिया। युवा बेरोजगार है तथा किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं मिल रही है और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों को बिजली मुफ्त, पानी मुफ्त दिया तथा बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दी है।

राजनीतिक विकल्प हीनता का माहौल

गुजरात के लोगों को भी इन सब सुविधाओं को पाने का हक है, भाजपा और कांग्रेस पिछले 27 साल से गुजरात में गठजोड़ की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा को जब भी जरूरत होती है कांग्रेस अपना माल पहुंचा देती है। प्रदेश में राजनीतिक विकल्प हीनता का माहौल है, सरकार जनता की बात सुनने को तैयार नहीं है। उनको परिणाम पता है, सत्ता में उन्हें ही रहना है इसलिए वे जनता की समस्याओं को सुनना भी पसंद नहीं करते हैं।

काम करना तो सरकार के हाथ

गुजरात की राजनीति खराब है कोरोना महामारी के दौरान यहां लोगों को अनाथ छोड़ दिया गया। केजरीवाल ने कहा चुनाव में चेहरे जनता खुद तय करती है लेकिन उन्होंने पार्टी में आज ही शामिल हुए पत्रकार ईशुदान गढवी को गुजरात का केजरीवाल बताया। उन्होंने कहा सिस्टम के अंदर रहकर काम करने की एक सीमा होती है आप बहस, शोर, वाद-विवाद कर सकते हैं लेकिन काम करना तो सरकार के हाथ में होता है।

पार्टी के नए कार्यालय का किया उद्घाटन 

केजरीवाल के साथ आम आदमी पार्टी गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया मौजूद थे। पत्रकार ईशुदान गढवी ने आप में शामिल होने के बाद कहा कि वह जनता की सेवा के लिए उनकी समस्याओं को उठाने के लिए राजनीति में शामिल हुए हैं। केजरीवाल उनके रोल मॉडल हैं तथा उनकी तरह ही वह राजनीति की गंदगी को साफ करने के लिए इसमें उतरने को तैयार हुए है। केजरीवाल पत्रकार वार्ता से पहले आश्रम रोड स्थित भगवान कृष्ण के मंदिर वल्लभ सदन पहुंचे। मंदिर में दर्शन करने तथा पत्रकारों से मुखातिब होने के बाद उन्होंने आश्रम रोड पर ही पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। पार्टी की मीडिया प्रभारी तुली बैनर्जी ने केजरीवाल के स्वागत में लगाए गए झंडे व बैनर को फाड़ने का आरोप लगाया है।

chat bot
आपका साथी