आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गुजरात भाजपा में मंथन शुरू, कांग्रेस का महंगाई को लेकर प्रदर्शन

भाजपा ने गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। वहीं महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष के देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान पर गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा समेत कई नेताओं के नेतृत्व में गुजरात कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 09:42 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 09:56 PM (IST)
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गुजरात भाजपा में मंथन शुरू, कांग्रेस का महंगाई को लेकर प्रदर्शन
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गुजरात भाजपा में मंथन शुरू

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। सरकार एवं संगठन में समन्वय पर पार्टी का खास ध्यान है। उधर कांग्रेस महंगाई के मुद्दे कोलेकर लंबे समय बाद सड़कों पर उतरी। गुजरात भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी एवं सांसद भूपेंद्र यादव तीन दिन की गुजरात यात्रा पर हैं शुक्रवार को उन्होंने गांधीनगर प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमलम पर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेकर सरकार एवं संगठन के कामकाज की समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटील, केंद्रीय मंत्री पुरषोत्तम रुपाला, संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसाणिया, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र पटेल आदि शामिल हुए। कोरोना महामारी के दौरान सरकार एवं संगठन की ओर से किए गए कामों की भी इसमें समीक्षा की गई। हाल ही गुजरात में आए भीषण चक्रवात से हुए नुकसान तथा राहत कार्यों को लेकर भी इस बैठक में चर्चा की गई।

कोर कमेटी की बैठक में सबसे महत्वपूर्ण आगामी विधानसभा चुनाव का मुद्दा रहा। भाजपा कोरोना की संभावित तीसरी लहर से पहले केंद्र एवं राज्य सरकार के कामकाज की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना चाहती है। साथ ही सरकार एवं संगठन को सभी तरीके से चुस्त-दुरुस्त कर लेना चाहती है। प्रभारी यादव लंबे समय बाद गुजरात आए हैं तथा तीन दिन यहां रह कर वह सरकार एवं संगठन की गतिविधियों का आकलन करेंगे साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।

महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस को देशव्‍यापी प्रदर्शन

उधर कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष, नेता विपक्ष तथा पार्टी के प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर मनो मंथन चल रहा है। इसी बीच महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष के देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान पर गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी, विधानसभा में सचेतक शैलेश परमार आदि नेताओं के नेतृत्व में गुजरात कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। पुलिस ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं समेत 100 से अधिक कार्यकर्ताओं की धरपकड़ की।

chat bot
आपका साथी