Gujarat: कांग्रेस नेताओं की गलतबयानी पर माफी मांगें राहुल गांधी: भाजपा
Gujarat गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल का कहना है कि कांग्रेस नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं उसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। केंद्र सरकार के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री मोदी पर बयानबाजी कर रहे हैं।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat: गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल का कहना है कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर कांग्रेस गलत आरोप लगा रही है। छत्तीसगढ़ में उनकी पार्टी की सरकार विधानसभा भवन का निर्माण करा रही है। कांग्रेस नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं, उसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। केंद्र सरकार के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री मोदी पर बयानबाजी कर रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए पाटिल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बन रहे नया विधानसभा भवन पर कांग्रेस क्यों चुप है। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा ने गत दिनों राज्य सरकार पर कोरोना संक्रमण व मौत का आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि गुजरात में बड़ी संख्या में मौतें हुई, लेकिन सरकार आंकडे़ छिपा रही है।
गौरतलब है कि गत माह गुजरात भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 281 सदस्यों वाली जंबो कार्यकारिणी का गठन किया था। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने विविध मोर्चा के अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पाटिल ने इसमें युवा व अनुभवी चेहरों को जगह दी है। पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी, महेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री जयनारायण व्यास को विशेष आमंत्रित में जगह दी गई है। प्रदेश में हाल ही छह महानगर पालिका, 33 जिला पंचायत तथा बडी संख्या में नगरपालिका व तहसील पंचायतों पर कब्जा जमाने के बाद अब भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश संगठन को चुस्त-दुरुस्त करते हुए जंबो प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। इसमें मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, शिक्षामंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्मा, सहित सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद व विधायक शामिल हैं। कार्यकारिणी में जामनगर सांसद पूनम माडम, पूर्व मंत्री आई के जाडेजा, पूर्व विधायक महेंद्र मशरु, अहमदाबाद के पूर्व महापौर गौतम शाह, विधायक संगीता पाटिल, विधायक हर्ष संघवी, विधायक झंखना पटेल सहित 79 नेताओं को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं, आमंत्रित सदस्यों में पूर्व मंत्री डॉ मायाबेन कोडनानी, पूर्व विधायक भरत पंड्या, विहिप नेता चैतन्य शंभू महाराज, अहमदाबाद के पूर्व महापौर अमित शाह, वडोदरा के पूर्व महापौर बालक्रष्ण शुक्ल सहित 150 को शामिल किया गया।