Azadi Ka Amrut Mahotsav: प्रधानमंत्री मोदी आज साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना

Azadi Ka Amrut Mahotsav दांडी मार्च में पीएम मोदी के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। केंद्र सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का एलान किया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 08:22 PM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 07:05 AM (IST)
Azadi Ka Amrut Mahotsav: प्रधानमंत्री मोदी आज साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना
पीएम मोदी साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। Azadi Ka Amrut Mahotsav:  युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम, देश के विकास तथा विश्व गुरु भारत का सपना बताने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को यहां साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे। दांडी मार्च में पीएम मोदी के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का एलान किया है। यह देश के 75 स्थानों पर मनाया जाएगा। साबरमती आश्रम से शुरू होने वाले मार्च में शामिल 81 लोग 386 किलोमीटर की पदयात्रा कर पांच अप्रैल को दांडी पहुंचेंगे। युवा पीढ़ी को 1857 से 1947 के बीच चले स्वतंत्रता संग्राम की जानकारी देने, आजादी के 75 वर्ष में देश के विकास तथा आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक विश्वगुरु भारत की तस्वीर दिखाने के लिए अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री रूपाणी ने बताया कि दांडी मार्च के दौरान गांधीजी व स्वतंत्रता संग्राम से जुडे स्थलों- पोरबंदर, राजकोट, वडोदरा, बारडोली, मांडवी व दांडी में विविध कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री, सांसद व विधायक भी एक-एक दिन मार्च में शामिल होंगे। रूपाणी ने बताया कि दांडी मार्च को राष्ट्र चेतना का उत्सव बनाने के लिए देशभर में विविध कार्यक्रम होंगे। 12 मार्च को गुजरात में 75 स्थलों पर राष्ट्रप्रेम व जनचेतना के कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री आश्रम के आसपास के परिसर में पांच विश्वस्तरीय संग्रहालय और कई विकास कार्यो का शिलान्यास करेंगे।

नरेंद्र मोदी व अमित शाह करेंगे पदयात्रा

दांडी मार्च को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री रूपाणी भी प्रतीक रूप से पैदल मार्च करेंगे। उनके साथ केंद्र और राज्य के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी होंगे।

आश्रम पर तैयारियां, सुरक्षा चाक चौबंद

स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने आश्रम को अपनी निगरानी में ले लिया है तथा राज्य की सुरक्षा एजेंसियों व डॉग स्क्वॉड ने चप्पे चप्पे की तलाशी ली। गुजरात पुलिस ने आश्रम पर डेरा डाल दिया है। आम लोगों के लिए 12 मार्च तक अब आश्रम बंद रहेगा। गांधी आश्रम, दांडी पुल व आश्रम रोड पर भव्य तैयारियां की गई हैं। आश्रम व आसपास के पेडों पर रोशनियां की गई है तथा दांडी पुल को सजाया गया है।

जानें, क्या है दांडी मार्च

महात्मा गांधी ने अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से 12 मार्च, 1930 को 78 सत्याग्रहियों के साथ नवसारी जिले के समुद्रतटीय गांव दांडी के लिए कूच किया था, मार्ग में इसमें दो सत्याग्रही और शामिल हो गए थे। अंग्रेजों के नमक कानून के विरोध में गांधीजी ने दांडी मार्च कर 6 अप्रेल 1930 को सांकेतिक रूप से नमक बनाकर अंग्रेजी कानून को तोड़ा था, जिसके बाद उन्हें सत्याग्रहियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।

भाजपा सांसदों के साथ पीएम मोदी की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा सांसदों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर मनाए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि देश के 75 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे आजादी का अमृत महोत्सव नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री ने सांसदों से अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम में मौजूद रहने को कहा। उन्होंने कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण में भी सांसदों से सहयोग करने का आग्रह किया।

chat bot
आपका साथी