Gujarat: राज्यपाल आचार्य देवव्रत व सीएम विजय रूपाणी से मिले अमित शाह, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज
Gujarat अमित शाह की सोमवार को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से मुलाकात के बाद राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक का दौर जारी है।
अहमदाबाद, जागरण संवादददाता। केंद्रीय गृहमंत्री व भाजपा नेता अमित शाह की सोमवार को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से मुलाकात के बाद राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक का दौर जारी है। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ बोर्ड व निगमों में राजनीतिक नियुक्तियों की चर्चा जोरों पर है। इसी बीच, केंद्रीय गृहमंत्री शाह की गुजरात यात्रा तथा राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री रूपाणी ने एक दिन पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार की बात से साफ इन्कार करते हुए कहा था कि यह महज अफवाह है। दूसरी तरफ, चर्चा है कि मुख्यमंत्री रूपाणी व भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के बीच बोर्ड व निगमों में नियुक्तियों को लेकर जोर आजमाइश शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर कई पार्टी नेता व विधायक गांधीनगर स्थित पार्टी दफ्तर के चक्कर लगाने लगे हैं। गौरतलब है कि शाह की गुजरात यात्रा के दो दिन पहले ही रुपाणी सरकार ने करीब छह दर्जन आइएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।
इधर, गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में भारी उलटफेर के संकेत नजर आ रहे हैं। पार्टी के दिग्गज नेता भावी रणनीति पर चर्चा करने को गांधीनगर में एकत्र हुए तथा अध्यक्ष एवं नेता विपक्ष पद के लिए लॉबिंग करने में जुटे हैं। गुजरात विधानसभा में नेता विपक्ष परेश धनाणी के सरकारी आवास पर कांग्रेस के कई दिग्गज नेता एकत्र हुए तथा पार्टी में आगामी दिनों में होने वाले परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा की। कांग्रेस आलाकमान जल्द ही गुजरात कांग्रेस के नए प्रभारी तथा प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगा। इससे पहले वरिष्ठ नेता भरत सिंह सोलंकी, नेता विपक्ष परेश धनाणी, पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल, पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर, विधायक वीरजी ठुमर आदि नेता पार्टी में लॉबिंग करने में जुटे हैं।