Gujarat: अमित शाह ने गुजरात में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ

Gujarat अमित शाह ने सोमवार को गुजरात में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। शाह ने कहा कि राज्य में टीकाकरण केंद्र की संख्या बढ़ाई जाएगी। गांधीनगर के रूपाल गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 04:18 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 06:51 PM (IST)
Gujarat: अमित शाह ने गुजरात में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ
अमित शाह ने गुजरात में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को गुजरात में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि राज्य में टीकाकरण केंद्र की संख्या बढ़ाई जाएगी। गांधीनगर के रूपाल गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। अमित शाह ने इस मौके पर गुजरात की जनता से टीका लगवाने तथा टीके को लेकर जागरूकता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने का यही एकमात्र उपाय है। राज्य के हर व्यक्ति को टीका लगवाना है, ताकि महामारी पर अंकुश पाया जा सके। शाह ने कहा जुलाई-अगस्त तक प्रदेश में ढाई हजार और नए टीकाकरण केंद्र खोले जाएंगे। अमित शाह ने अहमदाबाद में सरखेज गांधीनगर हाईवे पर बनाए गए फ्लाय ओवर का लोकार्पण किया। अमित शाह सोमवार को गुजरात दौरे पर आए और करोड़ों की लागत के अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इससे पहले सुबह नौ बजे उन्होंने बोड़कदेव स्थित पंडित दीनदयाल होल पर पहुंचकर टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। 

इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गुजरात की राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें शुरू हो गई हैं। गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक का दौर शुरू हो गई है। गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ बोर्ड निगम में राजनीतिक नियुक्तियों की चर्चा जोर-शोर से चल रही है। इसी बीच, केंद्रीय गृहमंत्री शाह की गुजरात यात्रा तथा राज्यपाल आचार्य देवव्रत तथा मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में राज्य मंत्री मंडल के विस्तार की भी अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक दिन पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार की बात से साफ इनकार करते हुए कहा है कि यह महज अफवाहें हैं, जो मीडिया में चल रही है।

सोमवार को शाह की राज्यपाल व मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार व बोर्ड निगम में राजनीतिक नियुक्तियों की चर्चाएं शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री रूपाणी व भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के बीच बोर्ड निगम में नियुक्तियों को लेकर भी जोर आजमाइश की चर्चाएं चलने लगी जिसके बाद कुछ विधायक व नेताओं की गांधीनगर में लॉबिंग के लिए आम दरफ्त शुरू हो गई थी। गौरतलब है कि शाह की गुजरात यात्रा के ठीक दो दिन पहले मुख्यमंत्री रूपाणी सरकार ने करीब छह दर्जन आइएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया था। इसमें वरिष्ठ आइएएस अंजू शर्मा, कलक्टर रैम्या मोहन के अलावा कई जिलों के विकास अधिकारी तथा महानगरपालिका आयुक्त भी शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी