AAP नेता महेश सवाणी बोले- अप्रत्‍याशित होंगे चुनाव परिणाम, जनता को परिवर्तन की चाहत

Gandhinagar Municipal Corporation Election Results गांधीनगर महानगर पालिका के चुनाव परिणाम को लेकर AAP नेता महेश सवाणी ने दावा किया है कि चुनाव परिणाम अप्रत्‍याशित होंगे। जनता को परिवर्तन चाहिये। जनता परेशान है और सूरत में विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को चुनकर अपना जनमत दर्शा दिया था।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 10:35 AM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 10:38 AM (IST)
AAP नेता महेश सवाणी बोले- अप्रत्‍याशित होंगे चुनाव परिणाम, जनता को परिवर्तन की चाहत
आम आदमी पार्टी के नेता महेश सवाणी

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी के नेता महेश सवाणी का दावा है कि गांधीनगर महानगर पालिका के चुनाव परिणाम दिल्ली व सूरत की तरह अप्रत्याशित होंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में आप विधानसभा की सभी 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजनीति के जानकार तथा विश्लेषक दोनों ही मौकों पर अंदाजा नहीं लगा सके की जनता में परिवर्तन की चाहत है। पिछले एक माह में गांधीनगर महानगरपालिका के मतदाताओं से संपर्क के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया तथा विपरीत मौसम तथा जोरदार बारिश के बावजूद आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ डटे रहे। गांधीनगर मनपा के चुनाव परिणाम से ठीक है 1 दिन पहले महेश भाई बताते हैं कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को जनहित के लिए चुना है। भाजपा व कांग्रेस गुजरात में मिलजुलकर सरकार चला रही है।

11 वार्ड की 44 सीट के लिए हुआ था मतदान

‌भाजपा को जब भी विधायक तथा नेताओं की जरूरत होती है कांग्रेस उसे पूरा कर देती है। जनता अब दोनों से परेशान है और सूरत में विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को चुनकर अपना जनमत दर्शा दिया था। महेश सवाणी का दावा है कि आम आदमी पार्टी गुजरात में आने वाले दिनों में गुजरात की जनता के बीच अपनी जगह बनाएगी तथा विधानसभा की 100 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। गांधीनगर महानगरपालिका के 11 वार्ड की 44 सीट के लिए रविवार को मतदान हुआ था। ‌ आम आदमी पार्टी को गांधीनगर महानगर पालिका में जीत का पूरा भरोसा है तथा इसी के दम पर वह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का भी मन बना रही है। महेश भाई बताते हैं कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के सदस्यों की संख्या साढ़े सात लाख पहुंच गई है तथा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार प्रदेश के युवाओं की ओर से आने वाले फोन के बाद उनसे संपर्क कर पंजीकरण कर रहे हैं।

राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव नजर आने लगा

आप नेता का आरोप है कि भाजपा ने गांधी नगर महानगर पालिका के चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया। आम आदमी पार्टी के झंडे बैनर व पोस्टरों को बार-बार हटाया गया तथा उनके नेताओं को चुनाव प्रचार करने से रोका गया। उन्होंने बताया कि मतदान के 2 दिन पहले महानगरपालिका के आयुक्त लोगों से मिले तथा अपने काम कराने के लिए भाजपा को वोट देने की बात कही। आप नेताओं ने इसकी शिकायत राज्य चुनाव आयोग से की है तथा इसे एक गंभीर अपराध बताते हुए सरकारी मशीनरी का राजनीतिक इस्तेमाल बताया। गुजरात में 2022 में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है लेकिन आम आदमी पार्टी के आ जाने से राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव नजर आने लगा है। गांधीनगर महानगर पालिका में पहले भाजपा का कांग्रेस में सीधा मुकाबला होता था तथा दोनों के बीच कांटे की टक्कर होती थी लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी के मैदान में आ जाने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया।

chat bot
आपका साथी