Tokyo Olympics: महिला फुटबॉल मैचों की हुई शुरुआत, ब्राजील और ब्रिटेन जीते

टोक्यो ओलंपिक का आगाज शुक्रवार से होगा लेकिन महिला फुटबॉल मैचों की शुरुआत बुधवार से हो गई। ब्राजील और ब्रिटेन ने टूर्नामेंट में जीत से आगाज किया। मार्टा के दो गोल की मदद से ब्राजील ने चीन को 5-0 से शिकस्त दी।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 09:02 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 09:02 PM (IST)
Tokyo Olympics: महिला फुटबॉल मैचों की हुई शुरुआत, ब्राजील और ब्रिटेन जीते
ब्राजील की महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी- फोटो ट्विटर पेज

रीफू, एपी। जापान की राजधानी टोक्यो में इस साल की बहुचर्चित प्रतियोगिता खेलों के महाकुंभ कहे जाने वाले ओलंपिक का आयोजन किया जाना है। टोक्यो ओलंपिक का आगाज शुक्रवार से होगा लेकिन महिला फुटबॉल मैचों की शुरुआत बुधवार से हो गई। ब्राजील और ब्रिटेन ने टूर्नामेंट में जीत से आगाज किया। मार्टा के दो गोल की मदद से ब्राजील ने चीन को 5-0 से शिकस्त दी। मार्टा इस तरह लगातार पांच ओलिंपिक में गोल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई।

दुनिया की सातवीं रैंकिंग की खिलाड़ी मार्टा के अलावा देबिंहा, आंद्गेसा एल्वेस और बीट्रिज ने भी गोल किए। मार्टा ने 111 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे हैं जो ब्राजील के किसी महिला या पुरुष खिलाड़ी में सबसे ज्यादा हैं। नौंवे मिनट में किए गए उनके गोल के बाद देबिंहा ने 22वें मिनट में ब्राजील को 2-0 से आगे कर दिया। मार्टा ने अपना दूसरा गोल 74वें मिनट में किया। इसके बाद एल्वेस ने पेनाल्टी पर और बीट्रिज ने 89वें मिनट में गोल किया।

दिन के अन्य मुकाबले में एलेन व्हाइट के दो गोल की मदद से ब्रिटेन ने चिली के खिलाफ 2-0 की जीत दर्ज की। व्हाइट ने 18वें मिनट में टीम को बढ़त दिलाई और फिर 75वें मिनट में इस बढ़त को दोगुना कर दिया। विश्व रैंकिंग में 37वें स्थान पर काबिज चिली की टीम पहली बार ओलिंपिक में भाग ले रही है। ब्रिटेन की इस टीम में इंग्लैंड के अलावा स्काटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड के खिलाड़ी शामिल हैं। इससे पहले ब्रिटेन की टीम ने 2012 में ओलिंपिक में भाग लिया था।

23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच इस बार के ओलंपिक का आयोजन किया जाना है। इसे पिछले साल कराया जाना था लेकिन कोरोना महामारी की वजह से स्थगित करना पड़ा। जापान की सरकार ने कोरोना की गंभीरता को देखते हुए इस ओलंपिक के दौरान दर्शकों को आने पर पाबंदी लगाई हुई है। 

chat bot
आपका साथी