स्पेन के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी डेविड विया ने लिया संन्यास

विया ने अपने शानदार करियर में विश्व कप खिताब जीतने के अलावा यूरोपियन चैंपियनशिप और चैंपियंस लीग की खिताबी जीत भी हासिल की।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Wed, 13 Nov 2019 09:31 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 09:31 PM (IST)
स्पेन के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी डेविड विया ने लिया संन्यास
स्पेन के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी डेविड विया ने लिया संन्यास

टोक्यो, एएफपी। स्पेन के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले स्टार स्ट्राइकर डेविड विया ने बुधवार को संन्यास की घोषणा की। वह अगले महीने अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे। विया ने अपने शानदार करियर में विश्व कप खिताब जीतने के अलावा यूरोपियन चैंपियनशिप और चैंपियंस लीग की खिताबी जीत भी हासिल की।

मौजूदा समय में जापान के क्लब विसेल कोब के लिए खेलने वाले 37 वर्षीय स्ट्राइकर विया 2019 के जे-लीग के समापन के साथ अपने 19 साल लंबे करियर को खत्म करेंगे। इस दौरान वह स्पेनिश क्लब बार्सिलोना, एटलेटिको मैड्रिड और वेलेंसिया के साथ खेलते नजर आए, जबकि वह स्पेन की राष्ट्रीय टीम की ओर से 98 मुकाबले खेले। भावुक विया ने कहा कि मैंने अपने पेशेवर करियर को समाप्त करने का फैसला किया है। इस बारे में मैं लंबे समय से सोच रहा था। संन्यास लेने का फैसला मैंने अपने परिवार और नजदीकी लोगों के साथ बातचीत करने के बाद लिया। मैं खुद फुटबॉल से संन्यास लेना चाहता था, ना कि संन्यास लेने के लिए मजबूर होना चाहता था। सात दिसंबर को जे-लीग के मौजूदा सत्र के आखिरी दिन विया के लिए संन्यास समारोह रखा जाएगा।

विया न्यूयॉर्क के एक क्लब क्विंसबोरो एफसी के निवेशकर्ता बनेंगे, जो अमेरिका के दोयम दर्जे के टूर्नामेंट में खेलता है। विया ने अपने करियर में तीन विश्व कप खेले और वह 2010 में विश्व कप विजेता रही स्पेन की टीम के अहम सदस्य रहे। उन्होंने स्पेन के लिए सर्वाधिक 59 गोल किए। जापान और स्पेन में खेलने के अलावा वह अमेरिका के मेजर सॉकर लीग के क्लब न्यूयॉर्क सिटी के लिए भी लंबे समय तक खेले, जहां उन्होंने 124 मुकाबलों में 80 गोल दागे।

चोट की वजह से सलाह बाहर

इंग्लिश क्लब लिवरपूल के लिए खेलने वाले मिस्त्र के स्टार स्ट्राइकर मुहम्मद सलाह चोट की वजह से अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के क्वालीफायर में केन्या और कोमोरोस के खिलाफ होने वाले मुकाबले से बाहर हो गए। मिस्त्र फुटबॉल संघ ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक ट्विटर पेज पर दी। अक्टूबर में लीसेस्टर सिटी के खिलाफ मुकाबले के बाद से सलाह टखने की चोट से परेशान रहे हैं। हालांकि वह लिवरपूल की ओर से मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ मुकाबले में उतरे और स्कोर भी किया था। हालांकि 3-1 से मिली उस जीत के दौरान उन्हें दूसरे हाफ में मैदान छोड़ना पड़ा था।

chat bot
आपका साथी