रोनाल्डो ने अपने रिकार्ड गोल से टीम को पहुंचाया अंतिम-16 में, पुर्तगाल ने फ्रांस से खेला 2-2 से ड्रा

रोनाल्डो के अब अली के समान 109 अंतरराष्ट्रीय गोल हो गए हैं। उन्होंने दोनों गोल पेनाल्टी पर किए। यूरो कप में अब उनके कुल 14 गोल हो गए हैं। रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए पहला गोल 17 साल पहले यूरो 2004 में किया था।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 07:56 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 07:56 PM (IST)
रोनाल्डो ने अपने रिकार्ड गोल से टीम को पहुंचाया अंतिम-16 में, पुर्तगाल ने फ्रांस से खेला 2-2 से ड्रा
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो (एपी फोटो)

बुडापेस्ट, एपी। फ्रांस के खिलाफ 2-2 से ड्रा रहे मैच में दोनों गोल करके सुपरस्टार स्ट्राइकर और पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोलों के मामले में ईरान के पूर्व स्ट्राइकर अली देइ के रिकार्ड की बराबरी कर ली।

इस ड्रा के साथ ही पुर्तगाल यूरो कप के अंतिम-16 में भी पहुंच गया। रोनाल्डो के अब अली के समान 109 अंतरराष्ट्रीय गोल हो गए हैं। उन्होंने दोनों गोल पेनाल्टी पर किए। यूरो कप में अब उनके कुल 14 गोल हो गए हैं। रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए पहला गोल 17 साल पहले यूरो 2004 में किया था जब उनकी टीम ग्रुप चरण में यूनान से 1-2 से हार गई थी।

मैच में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। पुर्तगाल की टीम जहां रोनाल्डो पर निर्भर है तो वहीं, फ्रांस के पास स्ट्राइकरों की भरमार है लेकिन, बेंजेमा को छोड़ दिया जाए तो वे पुर्तगाल के डिफेंस को अच्छी तरह से भेद नहीं सके। पुर्तगाल को 31वें मिनट में पेनाल्टी मिल गई और इसे गोल में बदलने में रोनाल्डो ने देर नहीं लगाई। फिर पहले हाफ के इंजुर समय (45+2वें मिनट) में फ्रांस को पेनाल्टी मिली तो करीम बेंजेमा ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही 47वें मिनट में ही बेंजेमा ने अपना दूसरा गोल करके टीम को मैच में 2-1 से आगे कर दिया। बेंजेमा ने टूर्नामेंट में पहली बार गोल दागे हैं। वह यूरो 2008 और 2012 में गोल नहीं कर सके थे। अक्टूबर 2015 के बाद फ्रांस के लिए यह उनका पहला गोल है। इस बीच, फ्रांस की गलती से पुर्तगाल को पेनाल्टी मिल गई और इस बार भी रोनाल्डो ने इसे गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। हालांकि इसके बाद दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाई और मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। पुर्तगाल ग्रुप-एफ में तीसरे स्थान पर रहा जबकि जर्मनी दूसरे और फ्रांस पहले स्थान पर रहा।

जर्मनी ने हंगरी से ड्रा खेला

म्युनिख, एपी। जर्मनी ने हंगरी को 2-2 से ड्रा पर रोककर यूरो कप के अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया जबकि हंगरी बाहर हो गया। लियोन गोरेज्का ने 84वें मिनट में गोल दागा जो 58वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे थे। इससे पहले टिमो वर्नर का शाट रोक लिया गया था। जर्मनी इस ड्रा के बाद ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा। हंगरी के लिए एडम जालाई ने पहला गोल किया और फिर आंद्रास शाफेर के गोल में अहम भूमिका निभाई। जर्मनी के लिए बराबरी का गोल केइ हार्वत्ज ने दागा।

यूरो कप में अंतिम-16 के मैच -

मैच, जगह

वेल्स बनाम डेनमार्क, एम्सटर्डम

इटली बनाम आस्टि्रया, लंदन

नीदरलैंड्स बनाम चेक गणराज्य, बुडापेस्ट

बेल्जियम बनाम पुर्तगाल, सेविया

क्रोएशिया बनाम स्पेन, कोपेनहेगन

फ्रांस बनाम स्विट्जरलैंड, बुखारेस्ट

इंग्लैंड बनाम जर्मनी, लंदन

स्वीडन बनाम यूक्रेन, ग्लास्गो

chat bot
आपका साथी