यूरो कप में मैनुअल लोकाटेली के दो गोल से अंतिम-16 में पहुंचा इटली, स्विट्जरलैंड को 3-0 से हराया

यूरो फुटबाल कप के मैच में स्विट्जरलैंड को 3-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। मिडफील्डर मैनुअल लोकाटेली ने दो गोल दागे जबकि सिरो इमोबाइल ने एक गोल किया। इटली प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 07:17 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 07:17 PM (IST)
यूरो कप में मैनुअल लोकाटेली के दो गोल से अंतिम-16 में पहुंचा इटली, स्विट्जरलैंड को 3-0 से हराया
इटली फुटबॉल टीम के खिलाड़ी जश्न मनाते हुए (एपी फोटो)

रोम, एपी। इटली ने अपने शानदार कलात्मक खेल के दम पर यूरो फुटबाल कप के मैच में स्विट्जरलैंड को 3-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। मिडफील्डर मैनुअल लोकाटेली ने दो गोल दागे जबकि सिरो इमोबाइल ने एक गोल किया। इटली प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। यह उसकी लगातार 10वीं जीत थी। विश्व कप 2018 में क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद इतालवी टीम ने शानदार वापसी की है। उसके बाद से इटली 29 मैचों में अपराजेय रहा है और 10वीं बार विरोधी टीम का सूपड़ा साफ किया है।

ग्रुप-ए में इटली छह अंक लेकर शीर्ष पर है। उसने पहले मैच में तुर्की को 3-0 से हराया था। वेल्स चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर है जिसने तुर्की को 2-0 से मात दी। स्विट्जरलैंड का एक अंक है जबकि तुर्की ने खाता भी नहीं खोला है। इटली अब वेल्स के खिलाफ मुकाबले में ग्रुप-ए में शीर्ष में रहने के लिए लड़ेगा।

मैनुअल ने पहले 26वें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई जिसकी बदौलत इटली ने पहला हाफ खत्म होने तक इस बढ़त को बरकरार रखा। इसके बाद दूसरे हाफ में मैनुअल ने 52वें मिनट में एक और गोल कर टीम का स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में इटली की ओर से इमोबाइल ने 89वें मिनट में गोल कर मैच एकतरफा बना दिया। निर्धारित समय तक स्विट्जरलैंड बराबरी या बढ़त हासिल नहीं कर सका जिसके कारण उसे हार का सामना करना पड़ा।

एरिक्सन के शरीर में लगेगा दिल की धड़कनों पर नजर रखने वाला उपकरण

कोपेनहेगन, एपी। डेनमार्क फुटबाल महासंघ ने गुरुवार को कहा कि क्रिस्टियन एरिक्सन के दिल की धड़कनों की निगरानी रखने के लिए उनके शरीर में एक उपकरण (आइसीडी) डाला जाएगा।

एरिक्सन को यूरोपीय चैंपियनशिप में फिनलैंड के खिलाफ डेनमार्क के मैच में दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद वह अचेत होकर मैदान में गिर गए थे। इसके बाद से कोपेनहेगन अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। दानिश महासंघ ने कहा कि डाक्टर मानते हैं कि एरिक्सन को आइसीडी (इम्प्लांटेबल काडिर्योवर्टर-डिफाइब्रिलेटर) की जरूरत है। दिल का दौरा पड़ने के बाद यह उपकरण लगाना आवश्यक है। क्रिस्टियन इसके लिए तैयार हैं क्योंकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों सभी ने यही उपचार की सिफारिश की है।

आइसीडी एक व्यक्ति की दिल की धड़कन पर निगरानी रखता है और अगर जरूरी हो तो सामान्य धड़कन करने के लिए इलेक्टि्रकल पल्स भी भेज सकता है। नीदरलैंड्स के डिफेंडर डाले ब्लाइंट की छाती में भी आइसीडी लगी हुई है और वह 2019 में दिल की बीमारी का पता चलने के बाद इसकी मदद से अब भी पेशेवर फुटबाल खेलते हैं।

16 साल बाद रीयल मैड्रिड से अलग हुए रामोस

मैड्रिड, एपी। चार चैंपियंस लीग खिताब जीत चुके सर्जियो रामोस 16 वर्ष बाद रीयल मैड्रिड फुटबाल क्लब से विदा लेंगे। क्लब ने गुरुवार को कप्तान रामोस को विदाई देने की घोषणा की। 35 वर्षीय डिफेंडर रामोस नया अनुबंध हासिल नहीं कर सके। पिछले सत्र में वह चोटों के कारण अधिकांश मैचों से बाहर रहे और यूरो कप में स्पेन की टीम में नहीं चुने गए। वह यूरो 2008, विश्व कप 2010 और यूरो 2012 जीतने वाली स्पेन की टीम का हिस्सा थे।

chat bot
आपका साथी