FIFA 2022 World Cup Qualifier जीत की लय बरकरार रखने अफगानिस्तान के खिलाफ उतरेगी टीम इंडिया

कतर से पहला मैच गंवाने के बाद दूसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने जीत हासिलकर जोरदार वापसी की थी। इस मैच में कप्तान सुनील छेत्री ने दो गोल दागे थे। अब टीम का अगला मुकाबला अफगानिस्तान के साथ होना है।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 10:30 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 10:30 PM (IST)
FIFA 2022 World Cup Qualifier जीत की लय बरकरार रखने अफगानिस्तान के खिलाफ उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय फुटबॉल टीम के खिलाड़ी- फोटो ट्विटर पेज

दोहा, प्रेट्र। भारतीय फुटबॉल टीम ने विश्व कप 2022 और एशियाई कप 2023 क्वालीफायर्स में अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। कतर से पहला मैच गंवाने के बाद दूसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने जीत हासिलकर जोरदार वापसी की थी। इस मैच में कप्तान सुनील छेत्री ने दो गोल दागे थे। अब टीम का अगला मुकाबला अफगानिस्तान के साथ होना है।

भारतीय टीम विश्व कप 2022 और एशियाई कप 2023 क्वालीफायर्स में मंगलवार को जब अफगानिस्तान का सामना करेगी तो गोल मशीन सुनील छेत्री की निगाह रहेगी। इस मैच के दौरान महज एक और गोल करने के साथ ही यह भारतीय स्टार विश्व में सर्वाधिक गोल करने वाले फुटबॉलरों की सूची में शीर्ष-10 में स्थान पर पहुंच जाएगा।

ओमान की अफगानिस्तान पर शुक्रवार को 2-1 से जीत के बाद भारत को अब एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर्स के तीसरे दौर में पहुंचने के लिए इस मैच में केवल ड्रा की जरूरत है। छेत्री यदि मैच में हैट्रिक बना देते हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में महान पेले की बराबरी कर लेंगे। छेत्री को सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने के लिए केवल एक गोल की जरूरत है जिसे वह अफगानिस्तान के खिलाफ आसानी से हासिल कर सकते हैं।

छेत्री की अगुआई में भारत ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश को हराकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लंबे समय से चले आ रहे जीत के इंतजार को खत्म किया था। इस मैच में छेत्री ने दो गोल किए थे। इसके बाद भारत के इस करिश्माई फुटबालर पर ही सभी की नजरें टिकी हैं जो लियोन मेसी को पीछे छोड़कर सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय फुटबालरों में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। 36 वर्षीय छेत्री ने अब तक 74 गोल किए हैं और वह अगले मैच में इसमें और गोल जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

chat bot
आपका साथी