सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले खिलाड़ी बने क्रिस्टियानो रोनाल्डो, ईरान के अली देई को पीछे छोड़ा

111 अंतरराष्ट्रीय गोल दाग चुके हैं पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 180 मैचों में। वह अब सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ईरान के अली देई (109 गोल 149 मैच) को पछाड़ा और नया रिकार्ड अपने नाम किया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 02 Sep 2021 08:12 PM (IST) Updated:Thu, 02 Sep 2021 08:12 PM (IST)
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले खिलाड़ी बने क्रिस्टियानो रोनाल्डो, ईरान के अली देई को पीछे छोड़ा
पुर्तगाल के फुटबालर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (एपी फोटो)

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। फुटबाल की दुनिया में प्रशंसक ज्यादातर उन्हीं खिलाड़ुयों को याद रखते हैं, जो गोल करते हैं। इस मामले में अब पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सबको पछाड़ते हुए विश्व रिकार्ड स्थापित कर दिया गया है। 12 साल बाद अपने पुराने क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए मैदान में उतरने से पहले रोनाल्डो फीफा विश्व कप क्वालीफायर के मैच में नजर आए। आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो ने अंतिम समय में दो गोल करके टीम को 2-1 से जिताया।

36 साल के रोनाल्डो ने हाल ही में संपन्न हुए 2020 यूरो कप के दौरान अली देई के सबसे अधिक 109 गोल के रिकार्ड की बराबरी की थी। आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो ने दोनों गोल हैडर से किए और 88 मिनट तक मैच में पीछे रहने वाली पुर्तगाल की टीम को रोमांचक जीत भी दिलाई। मैच के 45वें मिनट में आयरलैंड के जान ईगन ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 88वें मिनट तक यही स्कोर रहा। 89वें मिनट में रोनाल्डो ने मुकाबले का अपना पहला गोल किया और इसी गोल के साथ स्कोर 1-1 करते हुए उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वाधिक 110वां गोल किया। हालांकि, अंतिम समय में रोनाल्डो यहीं नहीं रुके और उन्होंने इंजुरी टाइम (90+6) में दूसरा गोल करके टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी, जो निर्णायक साबित हुई। इस जीत से पुर्तगाल की टीम चार मैचों में 10 अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर चल रही है।

वहीं अन्य क्वालीफायर मैचों में एर्लिग हालेंड के गोल से नार्वे ने ग्रुप-जी मैच में नीदरलैंड्स को 1-1 से बराबरी पर रोका। क्रोएशिया ने कई युवा खिलाडि़यों के साथ खेल रहे रूस को गोल रहित बराबरी पर रोका, जबकि माल्टा ने साइप्रस को 3-0 से शिकस्त दी। डेनमार्क ने स्काटलैंड को 2-0 से हराया और इस जीत से उसके चार मैचों में 12 अंक हो गए हैं, जिससे उसका ग्रुप-एफ से अगले साल कतर में होने वाले विश्व कप में जाना लगभग तय हो गया है।

नंबर गेम-

-111 अंतरराष्ट्रीय गोल दाग चुके हैं पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 180 मैचों में। वह अब सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ईरान के अली देई (109 गोल, 149 मैच) को पछाड़ा।

-134 गोल 176 मैचों में दागकर रोनाल्डो यूएफा चैंपियंस लीग में भी सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। इस लीग में दूसरे नंबर पर लियोन मेसी (120 गोल, 149 मैच) हैं।

chat bot
आपका साथी