मित्रोविक ने रोनाल्डो को किया मायूस, फीफा विश्व कप क्वालीफायर्स में पुर्तगाल को मिली हार

फीफा विश्व कप क्वालीफायर्स में सर्बिया ने पुर्तगाल को 2-1 से हराकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मित्रोविक ने टीम के लिए निर्णायक गोल किया है। स्पेन और क्रोएशिया ने भी विश्व कप के लिए जगह बनाई है।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 07:53 AM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 07:53 AM (IST)
मित्रोविक ने रोनाल्डो को किया मायूस, फीफा विश्व कप क्वालीफायर्स में पुर्तगाल को मिली हार
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम को हार मिली है

लिस्बन, एपी। फीफा विश्व कप क्वालीफायर्स के जरिए अब तक कई टीमों ने फुटबाल विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। सर्बिया, स्पेन और क्रोएशिया ने अगले साल कतर में होने वाले फुटबाल विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है, लेकिन स्वीडन, पुर्तगाल और रूस को अभी इंतजार करना पड़ेगा।

रोनाल्डो की टीम हारी

अलेक्सांद्र मित्रोविक के 90वें मिनट में हेडर से किए गए गोल ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी टीम पुर्तगाल को सकते में डाल दिया जिससे सर्बिया ने लिस्बन में खेले गए इस मैच में 2-1 से जीत दर्ज करके विश्व कप में सीधे प्रवेश किया। पुर्तगाल को क्वालीफाई करने के लिए केवल ड्रा की जरूरत थी लेकिन मित्रोविक के गोल ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सर्बिया इस जीत से ग्रुप-ए में शीर्ष पर रहा। पुर्तगाल के पास अब भी क्वालीफाई करने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे मार्च में प्लेआफ में शीर्ष-चार टीमों में जगह बनानी होगी।

पुर्तगाल की तरफ से रेनाटो सांचेज ने दूसरे मिनट में गोल करके उसे मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था लेकिन डुसान टैडिक 33वें मिनट में सर्बिया की तरफ से बराबरी का गोल दागने में सफल रहे। मित्रोविच के हेडर से दर्शक और पुर्तगाल के खिलाड़ी मायूस हो गए। इनमें रोनाल्डो भी शामिल थे जो अंतिम सीटी बजने के बाद उदास होकर मैदान पर बैठ गए। ग्रुप-ए के एक अन्य मैच में आयरलैंड ने लक्समबर्ग को 3-0 से हराया।

इब्राहिमोविक का इंतजार बढ़ा

स्पेन को क्वालीफाई करने के लिए स्वीडन के खिलाफ अपने अंतिम मैच में केवल ड्रा की जरूरत थी लेकिन उसने स्थानापन्न खिलाड़ी अलवारो मोराटा के 86वें मिनट में किए गए गोल से ग्रुप-बी में 1-0 से जीत दर्ज की। इससे स्वीडन के स्टार ज्लाटन इब्राहिमोविक की एक अन्य विश्व कप में खेलने की उम्मीदें प्लेआफ पर टिक गई हैं।

रूस खेलेगा प्लेआफ : क्रोएशिया ने रूसी डिफेंडर फेडोर कुद्रियाशोव के 81वें मिनट में किए गए आत्मघाती गोल की मदद से 1-0 से जीत दर्ज की। इस जीत से क्रोएशिया ग्रुप-एच में शीर्ष पर रहा। रूस भी अब प्लेआफ में खेलेगा, जो अगले साल 24 मार्च से शुरू होंगे। इस ग्रुप में तीसरे स्थान की टीम स्लोवाकिया ने माल्टा पर 6-0 से जीत दर्ज की जिसमें ओंडरेज डुडा की हैट्रिक शामिल है।

chat bot
आपका साथी