Zee5 Original Nail Polish के एक्टर्स को हुआ कोरोना, शूटिंग रुकने के बाद क्वारंटाइन में अर्जुन रामपाल
Nail Polish Shoot Stopped एक्टर मानव कौल और आनंद तिवारी का कोविड-19 टेस्ट पॉज़िटिव आने के बाद ज़ी5 की फ़िल्म नेल पॉलिश की शूटिंग रोक दी गयी है। वहीं फ़िल्म के मुख्य कलाकार अर्जुन रामपाल क्वारंटाइन में चले गये हैं। उनकी टेस्ट रिपोर्ट आना अभी बाक़ी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मनोरंजन उद्योग पर कोरोना वायरस का ख़तरा लगातार बना हुआ है। अब तक कई सेलेब्रिटीज़ इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। अब एक्टर मानव कौल और आनंद तिवारी का कोविड-19 टेस्ट पॉज़िटिव आने के बाद ज़ी5 की फ़िल्म नेल पॉलिश की शूटिंग रोक दी गयी है। वहीं, फ़िल्म के मुख्य कलाकार अर्जुन रामपाल क्वारंटाइन में चले गये हैं। उनकी टेस्ट रिपोर्ट आना अभी बाक़ी है।
इसकी सूचना अर्जुन ने सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की। इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा- मेरे सह-कलाकार मानव कौल और आनंद तिवारी का कल सेट पर कोविड टेस्ट पॉज़िटिव आया, जिसके बाद बमर अपने घर पर क्वारंटाइन में है। प्रोडक्शन तुरंत रोक दिया गया, जो सही था। हम सब आराम कर रहे हैं। उम्मीद है, जल्द शूटिंग जारी होगी। मुश्किल वक़्त, लेकिन हम सबको साहस से काम लेना है। उन्हें जल्द ठीक होने के लिए शुभकामनाएं। मैं अपने रिज़ल्ट का इंतज़ार कर रहा हूं, क्योंकि मैं उनके काफ़ी क़रीब था। View this post on Instagram A post shared by Arjun (@rampal72) on Sep 24, 2020 at 12:44am PDT
बता दें, नेल पॉलिश की शूटिंग अभी हाल ही में शुरू हुई थी। दिलचस्प पहलू यह है कि अर्जुन ने इसकी जानकारी अपने फैंस के साथ साझा करते हुए सेहतमंदी की दुआ मांगने के लिए भी कहा था। उन्होंने अपनी और मानव कौल की फोटो शेयर करके लिखा था- काम पर लौटकर इतना अच्छा लगता है। इसका इंतज़ार कीजिए, बहुत ज़बरदस्त है। हमारी सेहत के लिए दुआ कीजिए। नेल पॉलिश के सेट पर।
A post shared by Arjun (@rampal72) on Sep 22, 2020 at 8:09am PDT
नेल पॉलिश एक कोर्ट रूम ड्रामा है, जिसमें अर्जुन वकील का किरदार निभा रहे हैं। उनके किरदार का नाम सिड जय सिंह है। इसकी कहानी एक मर्डर ट्रायल पर आधारित है। अर्जुन इससे पहले द फाइनल कॉल के ज़रिए डिजिटल डेब्यू कर चुके हैं। नेल पॉलिश का निर्देशन भार्गव कृष्ण कर रहे हैं।
हाल ही में अर्जुन कपूर और मलायका अरोड़ा भी कोविड-19 पॉज़िटिव निकले थे। इससे पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या कोविड-19 से लड़ चुके हैं। कई टीवी कलाकार कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं।