Andekhi Review: जानें- सोनी लिव की वेब सीरीज़ को मिला कितने स्टार...

Andekhi Review यह वेब शो सत्य घटना से प्रेरित बताया जाता है। यह उस समाज की झलक देता है जहां धन बल के आगे कानून के नुमाइंदे भी नतमस्तक हो जाते है।

By Rajat SinghEdited By: Publish:Fri, 10 Jul 2020 06:22 PM (IST) Updated:Fri, 10 Jul 2020 06:22 PM (IST)
Andekhi Review: जानें- सोनी लिव की वेब सीरीज़ को मिला कितने स्टार...
Andekhi Review: जानें- सोनी लिव की वेब सीरीज़ को मिला कितने स्टार...

नई दिल्ली, (स्मिता श्रीवास्तव)। भ्रष्टाचार की जड़ें किस कदर सिस्टम में व्याप्त है, यह किस प्रकार ईमानदार पुलिसकर्मियों की राहों का रोड़ा बनती है यही सोनी लिव पर आए वेब शो 'अनदेखी' की कहानी है। यह वेब शो सत्य घटना से प्रेरित बताया जाता है। यह उस समाज की झलक देता है जहां धन बल के आगे कानून के नुमाइंदे भी नतमस्तक हो जाते है।

कहानी का आगाज सुंदरवन में एक पुलिसकर्मी की तफ्तीश से होता है। हत्या की संदिग्ध दो महिला आदिवासियों की खोज में डीसीपी घोष (दिव्येंदु भट्टाचार्य)  मनाली आता है। उधर, मनाली में रिसॉर्ट के मालिक और रसूखदार पापा जी (हर्ष छाया) के बेटे दमन (अंकुर राठी) की शादी की तैयारियां हो रही हैं। हर वक्त नशे में धुत रहने वाले पापा जी के लिए हर समस्या का हल गोली मार देना है। उनसे ज्यादा खतरनाक उनका दत्तक पुत्र रिंकू (सूर्या शर्मा)है। वह पापा जी के हर हुक्म की तामील करता है। अमेरिका से लौटे दमन ने खुद को आपराधिक गतिविधियों से दूर कर रखा है। शादी से पहले आयोजित पार्टी में नशे में चूर पापा जी एक डांसर को गोली मार देते हैं। कैमरामैन (अभिषेक चौहान) उस घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लेता है। मारी गई डांसर आदिवासी लड़की है। पापा जी को बचाने की कोशिश में रिंकू किस प्रकार सुबूतों को मिटाता है। डीसीपी घोष की ईमानदारी किस प्रकार उसके राहों का रोड़ा बनती है कहानी उस संबंध में है।

दो राज्यों की पुलिस की तकरार किस तरह मामले को पेचीदा बनाती है उसे भी संजीदगी से लेखक ने उठाया है। एक दृश्य में रिंकू कहता है कि इनका न कोई आदर है न आधार कार्ड। यह देश की गरीब, लाचार महिलाओं के प्रति सोच को परिलक्षित करता है।निर्देशक आशीष आर सिंह कहानी पर पकड़ बनाए रखते हैं। अभी तक सीधे सादे

किरदारों में नजर आए हर्ष छाया पापा जी के किरदार में जंचते हैं। सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार से लड़ते हुए डीसीपी के किरदार में दिव्येंदु भट्टाचार्य प्रभावित करते हैं। दबंग रिंकू बने सूर्या शर्मा और आदिवासी लड़की बनीं अपेक्षा पोरवाल सहित बाकी कलाकारों ने भी अपने किरदारों साथ न्याय किया है। अंत में सीक्वल का स्पष्ट संकेत हैं।

प्रमुख कलाकार- हर्ष छाया, दिव्येंदु भट्टाचार्य, अंकुर राठी, सूर्या

शर्मा, आंचल सिंह, अभिषेक चौहान, अपेक्षा पोरवाल,

निर्देशक- आशीष आर सिंह

कुल एपिसोड- दस, स्टार- साढ़े तीन (***1/2)

chat bot
आपका साथी