Bigg Boss के घर में अजब जोड़ियों का ग़ज़ब याराना, कितनी हक़ीक़त कितना फ़साना
शो में एंट्री से पहले गुरु-शिष्या के रूप में प्रचारिक इस जोड़ी के रंग अब दिखने लगे हैं और घर के अंदर-बाहर इस बात की चर्चा है कि दोनों का रिश्ता गुरु-शिष्या से कहीं बढ़कर है।
मुंबई। बिग बॉस 12 का सफ़र ख़त्म हो चुका है। बिग बॉस का घर साजिशों और विवादों के अलावा मोहब्बत के लिए भी मशहूर रहता है। यहां तकरीबन हर सीज़न में मोहब्बत के गुल खिले हैं, मगर इनमें से ज़्यादातर शो ख़त्म होने के बाद मुरझा गये।
16 सितम्बर को सीज़न की लांचिंग के साथ ही जिस जोड़ी को सबसे अधिक चर्चा मिली, वो है अनूप जलोटा और जसलीन मथारू। शो में एंट्री से पहले गुरु-शिष्या के रूप में प्रचारित इस जोड़ी ने कई रंग बदले। मगर, घर से बाहर होने के बाद दोनों अपने-अपने रास्ते हो लिये। बिग बॉस के घर की परिस्थितियां कह लीजिए या इस माइंड गेम की ज़रूरत, पहले से ग्यारहवें सीज़न तक बिग बॉस का घर कई रोमांटिक रिलेशिनशिप्स का गवाह रहा है। यह अलग बात है कि इन रिश्तों की उम्र कितनी रही, मगर घर के अंदर लगे दर्ज़नों कैमरों ने जो क़ैद किया, उन्होंने इन रिश्तों की पोल ज़रूरी खोली। View this post on Instagram A post shared by Bandgi Kalra (@bandgikalra) on Sep 11, 2018 at 3:37am PDT
सीज़न 11 में बंदगी कालरा और पुनीश शर्मा की जोड़ी भी बिग बॉस के इतिहास की सबसे यादगार रिलेशनशिप है। ये दोनों शो में ही पहली बार मिले और तमाम उतार-चढ़ावों के बीच भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। शो के बाद भी पुनीत और बंदगी की रिलेशनशिप कायम है। ख़ास बात यह कि शो में जाते समय बंदगी का एक बॉयफ्रेंड था, जबकि पुनीत के बारे में खुलासा हुआ था कि उनकी शादी हो चुकी है। बिग बॉस 12 की शुरुआत से पहले बंदगी ने पुनीत के साथ अपने संबंधों को एक भावुक पोस्ट लिखकर इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।
सीज़न 10 में मनु पंजाबी और भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा के बीच एक अजीब सा रिश्ता रहा। एक-दूसरे का ख्याल रखना, सामने और पीछे सपोर्ट करना। मनु और मोनालिसा के बीच नज़दीकियों ने मोना के बॉयफ्रेंड विक्रम सिंह को इनसिक्योर कर दिया। विक्रम ने यह स्वीकार भी किया था कि उनके परिवार के लिए शो देखना मुश्किल हो गया है।
सीज़न 9 में प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के बीच रिलेशनशिप लंबी चली। 26वें दिन नरूला ने युविका को प्रपोज़ किया था। यह रिलेशनशिप शो के बाहर जाकर और मज़बूत हुई और जुलाई में प्रिंस ने युविका के साथ सगाई कर ली।
सीज़न 7 में ही काजोल की बहन तनीषा और प्रोड्यूसर राजकुमार कोहली के बेटे अरमान कोहली के बीच काफ़ी अतरंगता देखी गयी थी। हालांकि इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया गया था। उनकी इंटीमेसी की इंटेसिटी को देखकर सलमान ने उन्हें चेतावनी भी दी थी कि अपने व्यवहार को संतुलित रखें क्योंकि कैमरों से कुछ नहीं छिपता। शो के बाद इनकी रिलेशनशिप ख़त्म हो गयी थी। बिग बॉस के इतिहास की सबसे दिलचस्प रिलेशनशिप है गौहर ख़ान और कुशाल टंडन।
सीज़न 7 में इन दोनों के बीच रिलेशनशिप ने ख़ूब फुटेज बटोका। गौहर के लिए कुशाल ने एंडी के साथ मारपीट की कोशिश भी की थी। जब कुशाल को शो छोड़ने के लिए कहा गया, तो गौहर भी उनके साथ जाने को तैयार हो गयी थीं। एक टास्क के दौरान कुशाल ने गौहर से अपने इज़हारे-इश्क़ किया। शो से निकलने के बाद दोनों क़रीब सालभर रिलेशनशिप में रहे और फिर अलग हो गये।
सीज़न 5 में ही छोटे पर्दे के स्टार रहे अमर उपाध्याय और मिस अफ़गानिस्तान विदा समदज़ई के बीच नज़दीक़ी सीज़न की हाइलाइट रही। टीवी एक्टर होने के नाते अमर कैमरे की अहमियत जानते थे और विदा के साथ उन्होंने इसका इस्तेमाल करने का मौक़ा नहीं गंवाया। इसी सीज़न के ज़रिए सनी लियोनी ने इंडियन ग्लैमर इंडस्ट्री में अपनी पारी शुरू की थी। शो में सनी के साथ अमर के कुछ मोमेंट्स के चलते इनके बीच नज़दीक़ी की सुगबुगाहट भी हुई थी।
सीज़न 5 में पूजा बेदी और आकाशदीप सैगल के बीच कुछ इंटिमेट लम्हे देखे गये थे। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप को ख़ूब एंजॉय किया था। शो से बाहर आने के बाद भी दोनों काफ़ी अर्से तक रिलेशनशिप में रहे और शो के दौरान रिश्ते को स्वीकार किया था।
सीज़न 4 में अश्मित पटेल और सारा ख़ान के बीच नज़दीक़ियों ने शो में जमकर गुल खिलाए। सारा ने तो अश्मित के लिए अपने प्यार का इज़हार भी किया था। बाद में अश्मित पटेल और पाकिस्तानी एक्ट्रेस वीना मलिक के बीच रिलेशनशिप ने शो में ख़ूब गुल खिलाये।
बिग बॉस के दूसरे सीज़न में राहुल महाजन ने पायल रोहतगी के साथ अपनी रिलेशनशिप को कैमरों से बचाने की बिल्कुल कोशिश नहीं की। किस करने से लेकर बाहों में उठाना और पूल में साथ वक़्त बिताना, राहुल-पायल की नज़दीक़ियों को शो के ज़रिए सबने देखा था। राहुल से ब्रेकअप के बाद पायल ने रेस्लर संग्राम सिंह को डेट करना शुरू कर दिया, जो बाद में ख़ुद सीज़न 7 में कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुए। राहुल ने शो में गैंगस्टर अबू सलेम की एक्स गर्लफ्रेंड मोनिका बेदी में भी दिलचस्पी दिखायी थी। मोनिका को तो राहुल ने प्रपोज़ भी कर दिया। पायल ने राहुल के साथ संबंध तोड़ने की वजह मोनिका के साथ नज़दीक़ियां ही बतायी थी।
पहले सीज़न में अनुपमा चोपड़ा और आर्यन वैद का नाम एक-दूसरे से जुड़ा। आर्यन को अनुपमा चोपड़ा पर डोरे डालते हुए देखा गया था। बाद में दोनों को अधिकतर एक-दूसरे के साथ ही देखा गया। आर्यन ने अनुपमा से अपने प्यार को स्वीकार भी किया था, मगर शो के बाद रिलेशनशिप ख़त्म हो गयी थी।