Bigg Boss 14: शो की टैलेंट मैनेजर की मौत पर सलमान खान ने जताया दुख, वायरल हुआ ट्वीट

शुक्रवार को सलमान खान के शो बिग बॉस 14 की प्रोडक्शन टीम ने अपनी एक साथी को हमेशा के लिए खो दिया। प्रोडक्शन टीम में काम करने वाली पिस्ता धाकड़ का एक सड़क हादसे में निधन हो गया है। वह बिग बॉस 14 की प्रोडक्शन टीम में टैलेंट मैनेजर थीं।

By Anand KashyapEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 03:43 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 03:43 PM (IST)
Bigg Boss 14: शो की टैलेंट मैनेजर की मौत पर सलमान खान ने जताया दुख, वायरल हुआ ट्वीट
सलमान खान और पिस्ता धाकड़, तस्वीर : इंस्टाग्राम

नई दिल्ली, जेएनएन। शुक्रवार को सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 14 की प्रोडक्शन टीम ने अपनी एक साथी को हमेशा के लिए खो दिया। प्रोडक्शन टीम में काम करने वाली पिस्ता धाकड़ का एक सड़क हादसे में निधन हो गया है। वह बिग बॉस 14 की प्रोडक्शन टीम में टैलेंट मैनेजर थीं। पिस्ता धाकड़ के निधन से टीवी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।

इस बीच बिग बॉस 14 के होस्ट और अभिनेता सलमान खान ने भी पिस्ता धाकड़ की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पिस्ता धाकड़ की तस्वीर साझा करते हुए उनकी आत्मा की शांति का कामना की है। सलमान खान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पिस्ता धाकड़ की तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'पिस्ता की आत्मा को शांति मिले'।

Rest in peace Pista... pic.twitter.com/7oXexVVfL6

— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) January 17, 2021

सोशल मीडिया पर सलमान खान का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। दबंग खान के कई फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स भी उनके ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। साथ की पिस्ता धाकड़ की आत्मा की शांति की कामना कर रहे हैं। अंग्रेजी वेब साइट स्पॉटब्वॉय की खबर के अनुसार इस सड़क दुर्घटना में एक शख्स भी घायल हो गया है। पिस्ता धाकड़ प्रोडक्शन कंपनी एंडेमोल शाइन इंडिया के साथ एक टैलेंट मैनेजर के रूप में काम कर रही थीं।

शुक्रवार को बिग बॉस 14 की पूरी टीम ने सलमान खान के साथ शो के वीकेंड का वार के एपिसोड की शूटिंग की। शूटिंग खत्म होने के बाद पिस्ता अपनी सहयोगी के साथ एक्टिवा स्कूटर से घर के लिए निकलीं। सड़क पर ज्यादा अंधेरा होने की वजह से पिस्ता का स्कूटर स्लिप हो गया और वह अपनी सहयोगी के साथ नीचे गिर गईं। उनकी सहयोगी दाईं ओर जबकि पिस्ता बाईं गिरीं। तभी पीछे से एक वैनिटी वैन आई और अनजाने में उनके ऊपर से गुजर गई।

जिसके बाद अब वह इस दुनिया में नहीं रहीं। मशहूर प्रोडक्शन कंपनी की कर्मी होने की वजह से पिस्ता धाकड़ ने कई बड़े रियलिटी शो के लिए काम किया था। उन्होंने बिग बॉस के अलावा निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के लिए भी काम किया था। पिस्ता धाकड़ के टीवी और बॉलीवुड के सितारों से अच्छे संबंध थे।  

chat bot
आपका साथी