P Se Pyaar F Se Faraar Movie Review: सामाजिक बुराइयों पर चोट करने वाली एक ज़रूरी फ़िल्म, जानिए मिले कितने स्टार

P Se Pyaar F Se Faraar Movie Review निर्देशक मनोज तिवारी ने समाज में फैली इस कुरीति और क्रूरता पर वार तो करारा किया है मगर बहुत ही खूबसूरती के साथ।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 04:01 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 04:01 PM (IST)
P Se Pyaar F Se Faraar Movie Review: सामाजिक बुराइयों पर चोट करने वाली एक ज़रूरी फ़िल्म, जानिए मिले कितने स्टार
P Se Pyaar F Se Faraar Movie Review: सामाजिक बुराइयों पर चोट करने वाली एक ज़रूरी फ़िल्म, जानिए मिले कितने स्टार

पराग छापेकर, मुंबई। कहने को हम 21वीं सदी में जी रहे हैं, मगर अभी भी हिंदुस्तान के कई इलाकों में जात-पात, ऊंच-नीच, छुआछूत का जहर समाज में घुला हुआ है। पिछले दिनों बहुचर्चित फिल्म सैराट और उसका हिंदी रूपांतर धड़क, आयुष्मान खुराना की आर्टिकल 15 आयीं, जो ऐसी ही सामाजिक बुराइयों पर आधारित फिल्में हैं। अब इस सामाजिक बुराई पर करारी चोट करती फिल्म 'प से प्यार फ़ से फरार' दर्शकों के सामने है।

इस फिल्म में कोई बड़ा स्टार नहीं है। ना ही धर्मा प्रोडक्शन या यशराज फ़िल्म्स जैसे बड़े निर्माता, इस फिल्म के पीछे हैं। मगर यह फिल्म अपनी बात बड़ी बेबाकी से और खूबसूरती के साथ कहती है। यह कहानी है ओमवीर सिंह की (कुमुद मिश्रा) जो अपने समाज का नेता है। जिसका मानना है कि लड़कियों की शादी मां-बाप की मर्जी से ही होना चाहिए और समाज में ही होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो इसके लिए खून-खराबा करने से भी पीछे नहीं हटते।

दूसरी तरफ ओमवीर सिंह का भाई राजवीर सिंह (जिमी शेरगिल) है, जो एक समझदार इंसान है और जिसका हिंसा पर कोई विश्वास नहीं। इसलिए समाज के लोग उसे नेता की तरह मानते भी नहीं। ऐसे में एक ऐसी घटना घटती है, जिससे ओमवीर का पूरा परिवार हिल जाता है। ओमवीर की बेटी (ज्योति यादव) अपने प्रेमी सूरज माली (भावेश कुमार) के साथ भाग जाती है।

इसके बाद घर में क्या होता है, समाज में क्या होता है। क्या इन दोनों का प्यार सामाजिक रीति-रिवाजों के चलते मंजूर हो पाएगा? क्या होगा इन दोनों प्रेमियों का? इसी पर आधारित है फिल्म प से प्यार फ़ से फरार। निर्देशक मनोज तिवारी ने समाज में फैली इस कुरीति और क्रूरता पर वार तो करारा किया है, मगर बहुत ही खूबसूरती के साथ। अभिनय कि अगर बात करें तो कुमुद मिश्रा पूरी फिल्म में छाए रहे। राजवीर के किरदार में जिमी शेरगिल भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हैं।

डेब्यू कर रहे भावेश कुमार में काफी संभावनाएं नजर आती हैं। ज्योति सिंह अभिनय के मामले में एकदम अंजान है। बाकी छोटे-छोटे किरदारों में संजय मिश्रा, जाकिर, बृजेंद्र काला और गिरीश कुलकर्णी प्रभावित करते हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो यह गलत नहीं होगा की प से प्यार फ से फरार सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार तो है मगर एक खूबसूरत अंदाज में। भले ही इसमें बड़े स्टार ना हों मगर यह फिल्म मनोरंजक है, आप इसका आनंद ले सकते हैं।

कलाकार- जिमी शेरगिल, कुमुद मिश्रा, भावेश कुमार, संजय मिश्रा आदि।

निर्देशक- मनोज तिवारी

निर्माता- जोगेंदर सिंह

स्टार- ***1/2 (साढ़े 3 स्टार्स)

chat bot
आपका साथी