Wonder Woman 1984 Box Office: जानें- क्रिसमस से एक दिन पहले रिलीज़ हुई WW-84 ने किया क्या कमाल

वंडर वुमन में गैल गैडट। फोटो- इंस्टाग्राम

15 अक्टूबर से देश में 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघर खोल दिये गये हैं मगर हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। मुंबई में नाइट कर्फ्यू होने का असर भी फ़िल्म बिज़नेस पर पड़ रहा है। फ़िल्मों के कलेक्शंस को ट्रेड सकारात्मक नज़र से देख रहा है।

Manoj VashisthFri, 25 Dec 2020 07:11 PM (IST)

नई दिल्ली, जेएनएन। क्रिसमस से एक दिन पहले रिलीज़ हुई हॉलीवुड की चर्चित फ़िल्म वंडर वुमन ने हालात को देखते हुए बॉक्स ऑफ़िस पर ठीकठाक प्रदर्शन किया है। क्रिसमस की छुट्टी और फेस्टिव सीज़न के मद्देनज़र शुक्रवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना जतायी जा रही है। 

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फ़िल्म ने गुरुवार को लगभग 1.50 करोड़ का कारोबार किया, जबकि बुधवार को पेड प्रिव्यूज़ से फ़िल्म को क़रीब 90 लाख रुपये जमा कर लिये थे, जिसे मिलाकर वंडर वुमन 1984 ने लगभग 2.40 करोड़ इकट्ठा कर लिये। हालांकि, अंतिम आंकड़ों में कुछ फेरबदल हो सकता है। वंडर वुमन 1984 की ओपनिंग क्रिस्टोफर नोलन की टेनेट से बेहतर बतायी जा रही है, जो 1.15 करोड़ के आसपास थी। 4 दिसम्बर को रिलीज़ हुई टेनेट लगभग 10 करोड़ का कारोबार भारत में कर चुकी है।

15 अक्टूबर से देश में 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघर खोल दिये गये हैं, मगर हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। मुंबई में नाइट कर्फ्यू होने का असर भी फ़िल्म बिज़नेस पर पड़ रहा है। मुंबई फ़िल्मों के लिए बड़ा बाज़ार है। हालांकि, इन फ़िल्मों के कलेक्शंस को ट्रेड सकारात्मक नज़र से देख रहा है और इस बात की तसल्ली जतायी जा रही है कि दर्शक सिनेमाघरों में जाने लगे हैं। फ़िल्म स्टार भी दर्शकों को थिएटर्स तक जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आमिर ख़ान सूरज पे मंगल भारी देखने सिनेमाघरों में गये थे। वहीं, ऋतिक रोशन ने वंडर वुमन 1984 बुधवार को सिनेमाघरों में देखी। 

वंडर वुमन 1984 को पैटी जेंकिन्स ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में गैल गैडट के साथ क्रिस पाइन लीड रोल में हैं। इसकी कहानी डीसी कॉमिक्स के किरदार पर आधारित है। यह 2017 में आयी वंडर वुमन का सीक्वल है। फ़िल्म की कहानी 1984 के कोल्ड वॉर दौर में सेट की गयी है। फ़िल्म में गैल गैडट के किरदार का नाम प्रिंसेस डायना है, जो सुपरहीरो वंडर वुमन बनती है।

शुक्रवार को क्रिसमस पर बॉलीवुड फ़िल्म शकीला भी रिलीज़ हो गयी है, जिसमें रिचा चड्ढा और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में हैं। 90 के दौर की एडल्ट स्टार शकीला की इस बायोपिक का निर्देश इंद्रजीत लंकेश ने किया है। 

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से जुड़ी प्रमुख जानकारियों और आंकड़ों के लिए क्लिक करें।

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.