Roohi के ख़ौफ़ से क्या लौटेगी बॉक्स ऑफ़िस की रौनक? लॉकडाउन के बाद पहली चर्चित रिलीज़ पर टिकीं ट्रेड की नज़रें

Roohi releasing on 11th March. Photo- screenshots/trailer

साल 2020 कोरोना वायरस पैनडेमिक के नाम रहा। मध्य मार्च के बाद जैसे-जैसे पैनडेमिक का प्रसार हुआ फ़िल्म इंडस्ट्री का कारोबार ठप होता चला गया। लॉकडाउन में शूटिंग बंद हो गयीं। सिनेमाघरों पर ताले लटक गये। नतीजा यह हुआ कि 2020 फ़िल्म कारोबार की कमर टूट गयी।

Manoj VashisthWed, 10 Mar 2021 02:34 PM (IST)

नई दिल्ली, जेएनएन। 11 मार्च को महाशिवरात्रि के अवसर पर हॉरर-थ्रिलर फ़िल्म रूही सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है। चर्चित बॉलीवुड फ़िल्म होने की वजह से रूही से काफ़ी उम्मीदें हैं। सबके ज़हन में एक ही सवाल है, क्या रूही बॉक्स ऑफ़िस की रौनक लौटाने में कामयाबी होगी?

साल 2020 कोरोना वायरस पैनडेमिक के नाम रहा। मध्य मार्च के बाद जैसे-जैसे पैनडेमिक का प्रसार हुआ, फ़िल्म इंडस्ट्री का कारोबार ठप होता चला गया। लॉकडाउन में शूटिंग बंद हो गयीं। सिनेमाघरों पर ताले लटक गये। नतीजा यह हुआ कि 2020 फ़िल्म कारोबार की कमर टूट गयी। फ़िल्में रिलीज़ ना होने से इंडस्ट्री को करोड़ों की चपत लगी। केंद्र सरकार के आदेश के बाद 50 फीसदी क्षमता के साथ अक्टूबर से सिनेमाघर खुले। कुछ फ़िल्में रिलीज़ भी हुईं, मगर दर्शक सिनेमाघरों से दूर ही रहे।

अब सिनेमाघरों के 100 फीसदी क्षमता के साथ खोले जाने की अनुमति मिलने के बाद रूही पहली चर्चित फ़िल्म है। लिहाज़ा, ट्रेड की नज़रें इस फ़िल्म पर टिकी हुई हैं। रूही के लिए बॉक्स ऑफ़िस के रुझान से सिनेमाघर और दर्शकों के बीच की दूरी का अंदाज़ा ज़रूर लग जाएगा। पहली मार्च से देशभर में कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ टीकाकरण अभियान शुरू हो चुका है, जिसके बाद हालात बदलने की उम्मीद भी फ़िल्म इंडस्ट्री का हौसला बढ़ा रही है।

रूही, बेहद सफल हॉरर-कॉमेडी स्त्री की अगली कड़ी है। फ़िल्म में जाह्नवी कपूर, राजकुमार राव और वरुण शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजकुमार स्त्री में भी मुख्य भूमिका में थे। यह बात रूही के पक्ष में जाती है। हालांकि, इस फैक्टर से दर्शक कितना प्रभावित होते हैं, यह रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा। रूही का निर्माण दिनेश विजन ने किया है, जिन्होंने स्त्री बनायी थी। वहीं, निर्देशन हार्दिक मेहता का है।

सिनेमाघरों में जाह्नवी की दूसरी फ़िल्म

2018 में मराठी फ़िल्म सैराट के हिंदी रीमेक धड़क से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली जाह्नवी कपूर की सिनेमाघरों में यह दूसरी रिलीज़ होगी। अगर पैनडेमिक वाली परिस्थितयां ना बनतीं तो जाह्नवी पिछले साल बड़े पर्दे पर लौटतीं, मगर सिनेमाघर बंद होने की वजह से उनकी फ़िल्म गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की गयी। ज़ाहिर है कि जाह्नवी के लिए रूही एक ज़रूरी फ़िल्म है। 

अक्टूबर में सिनेमाघर खुलने के बाद रिलीज़ हो चुकी हैं 5 फ़िल्में

15 अक्टूबर को सिनेमाघर दोबारा खुलने के बाद पहली बॉलीवुड रिलीज़ 15 नवम्बर को आयी सूरज पे मंगल भारी थी। इसके बाद 11 दिसम्बर को आयी कियारा आडवाणी की इंदू की जवानी रिलीज़ हुई। 25 दिसम्बर को रिलीज़ हुई रिचा चड्ढा और पंकज त्रिपाठी की फ़िल्म शकीला सिनेमाघरों में आयी। पहली जनवरी को  रामप्रसाद की तेरहवीं रिलीज़ हुई और 22 जनवरी को रिचा चड्ढा की मैडम चीफ मिनिस्टर सिनेमाघरों में पहुंची। हालांकि, ये सभी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर विफल रहीं।

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.